CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में जमकर बरस रहे बादल, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

छत्तीसगढ़ में डीप डिप्रेशन के प्रभाव से दक्षिण और मध्य हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। रायपुर में 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जगदलपुर में 25 सेंटीमीटर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने कई संभागों में भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।

Sep 26, 2026 - 08:49
 0  4
CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में जमकर बरस रहे बादल, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

UNITED NEWS OF ASIA. छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। डीप डिप्रेशन के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिण और मध्य हिस्सों में बीते 30 घंटों के दौरान व्यापक बारिश दर्ज की गई है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। नदी-नाले उफान पर होने से कई क्षेत्रों में लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

राजधानी रायपुर में भी बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में रायपुर में 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण अंदरूनी ओडिशा के ऊपर एक अवदाब बना हुआ है। यह करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटे में इसके कमजोर होकर चिन्हित निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है।

आज कैसा रहेगा मौसम?

26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी वर्षा हो सकती है। भारी बारिश का असर मुख्य रूप से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है।

राजधानी रायपुर में आज आकाश मेघमय रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

जगदलपुर में 25 सेंटीमीटर बारिश

दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। जगदलपुर में 25 सेंटीमीटर, लोहंडीगुड़ा में 23 सेंटीमीटर, बास्तानार और नानगुर में 22 सेंटीमीटर, भनपुरी और मदार्पाल में 21 सेंटीमीटर तथा तोकापाल और माकड़ी में 20 सेंटीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा बस्तर और केशकाल में 19-19, बचेली में 18, देवभोग में 17, कोहकामेटा में 16 तथा अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर में 15-15 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। नेरहरपुर, बड़ेराजपुर, बालोद और कांकेर में 13-13 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।