महासमुंद में चेकिंग के दौरान कार से 21 किलो चांदी के आभूषण जब्त, 59.60 लाख की संपत्ति सीज
महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 21.089 किलोग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर करीब 59.60 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई।
UNITED NEWS OF ASIA.जगदीश पटेल, महासमुंद (कोमाखान) । जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 59 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई टेमरी नाका चेक पोस्ट पर की गई, जहां नियमित रूप से संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही एक सफेद रंग की मारुति सेलेरियो कार (सीजी 04 पीवाय 7882) को रोककर जांच की गई।
वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम टिकेश कुमार साहू (38 वर्ष), निवासी उरला, रायपुर तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम वीरेंद्र प्रधान (50 वर्ष), निवासी टिकरापारा, रायपुर बताया।
कार की तलाशी लेने पर बीच सीट में रखे तीन बैगों में संदिग्ध सामान मिला। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बैगों में चांदी के फैंसी आभूषण हैं, जिन्हें ओडिशा से रायपुर ले जाया जा रहा है।
पुलिस द्वारा बैगों की विस्तृत जांच करने पर उनमें 10 प्लास्टिक डिब्बों में पैक 41 पैकेट चांदी के आभूषण मिले, जिनका कुल वजन 21.089 किलोग्राम पाया गया। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख 60 हजार रुपये बताई गई।
पुलिस ने आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए दोनों व्यक्तियों को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया। हालांकि, दोनों ही व्यक्ति संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में कार्रवाई करते हुए चांदी के आभूषण, वाहन और संबंधित दस्तावेजों को जब्त कर लिया। जब्त वाहन की कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति की कीमत 59 लाख 60 हजार रुपये पहुंच गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों, हथियारों और अन्य संदिग्ध वस्तुओं के परिवहन को रोकने के लिए स्थायी और मोबाइल चेक पोस्ट के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता और सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आभूषणों का स्रोत क्या है और इन्हें कहां से लाया जा रहा था।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की सघन जांच जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।