लव ज्वेलर्स में बड़ी चोरी का खुलासा, 10 घंटे में एक विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार, अन्य आरोपी फरार
रायपुर के थाना खम्हारडीह क्षेत्र स्थित लव ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने मात्र 10 घंटे में खुलासा कर लिया। तकनीकी जांच और 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने अन्य ज्वेलरी दुकानों में भी चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और एक दोपहिया वाहन बरामद किया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर। थाना खम्हारडीह क्षेत्र अंतर्गत लोकलिपारा चौक स्थित लव ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी वंश कुमार मुरपानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सोने-चांदी की दुकान लव ज्वेलर्स में अज्ञात आरोपियों द्वारा ताला तोड़कर चोरी की गई है। प्रार्थी ने बताया कि वह 9 मई 2026 को दुकान बंद कर घर गए थे और 10 मई को रविवार होने के कारण दुकान बंद रही।
11 मई की सुबह जब उनका छोटा भाई दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि शटर के दोनों ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। शोकेस एवं दराज में रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और अन्य कीमती सामान गायब थे। घटना की सूचना तत्काल प्रार्थी को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की गई। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अज्ञात आरोपियों ने ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। इस पर थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 153/26 दर्ज कर धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और तत्काल विशेष टीम गठित की गई। पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) एवं पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त तथा थाना प्रभारी के नेतृत्व में लगभग 40 सदस्यीय टीम बनाई गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, पुराने अपराधियों की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बालक ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। साथ ही उसने यह भी स्वीकार किया कि इसी गिरोह द्वारा थाना मंदिर हसौद क्षेत्र और अभनपुर क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानों में भी चोरी की घटनाएं की गई हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन भी जप्त किया गया है। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
फिलहाल इस मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।