बेल्ट-कड़े से IPS के बेटे की पिटाई का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस

अंबिकापुर में IPS रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कांत कुर्रे से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक ले जाया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Sep 13, 2026 - 18:43
 0  2
बेल्ट-कड़े से IPS के बेटे की पिटाई का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस

UNITED NEWS OF ASIA. अंबिकापुर में IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक ले जाया। इस दौरान पुलिस ने शहर में उनका जुलूस भी निकाला। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, जुलूस निकालने का उद्देश्य लोगों के मन से आरोपियों के डर को खत्म करने का संदेश देना था।

मामला 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे का बताया जा रहा है। IPS रवि कुर्रे का 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से बौरीपारा स्थित अपने दोस्त प्रिंस गुप्ता के घर जा रहा था। प्रिंस के घर से कुछ दूरी पहले बौरीपारा तालाब के पास लेखांश ने कार रोक दी। इसी दौरान वहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे।

बताया गया है कि मौके पर बौरीपारा निवासी गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत अन्य युवक मौजूद थे। लेखांश कार से उतरकर अपने दोस्त प्रिंस से मोबाइल पर बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान उसने गोलू गणेश का नाम लिया। इसी बात को लेकर रतन गुप्ता और कोया डॉन के साथ उसका विवाद शुरू हो गया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उससे गाली-गलौज की और विवाद बढ़ने के बाद मारपीट की।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने लेखांश से गोलू गणेश का नाम लेने को लेकर आपत्ति जताई। इसके बाद गोलू गणेश पर उसका हाथ पकड़ने तथा रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता पर हाथ-मुक्के, बेल्ट और कड़े से मारपीट करने का आरोप है। शिकायत में बताया गया कि मारपीट के दौरान लेखांश के सिर और चेहरे पर चोटें आईं। उसके दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसे वहां से अलग किया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट के दौरान उसे उसके पिता के पुलिस अधिकारी होने को लेकर धमकी भी दी गई। घटना के बाद लेखांश ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर शहर से न्यायालय तक ले जाने की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं।

लेखांश कांत कुर्रे नमनाकला खटिकपारा में रहते हैं और सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करते हैं। वहीं IPS रवि कुर्रे वर्तमान में रायपुर में पदस्थ बताए गए हैं। वे इससे पहले कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई दर्ज अपराध और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।