पुलिस के अनुसार, आगामी गणेश पर्व के मद्देनजर थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को पेट्रोलिंग और निगरानी के लिए रवाना किया गया था। इस दौरान पुलिस टीमों ने ऐसे लोगों को चिन्हांकित किया, जिनके संबंध में क्षेत्र में जबरन विवाद, लड़ाई-झगड़े और मारपीट जैसी गतिविधियों की आशंका सामने आई। पुलिस ने संभावित विवाद और संज्ञेय अपराध को रोकने के उद्देश्य से तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस कार्रवाई के बाद सभी 14 लोगों को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। प्रकरणों की सुनवाई के दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ जेल वारंट जारी किए गए। इसके बाद पुलिस ने सभी 14 लोगों को जेल निरुद्ध कर दिया। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अशांति या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें नेवरा के वार्ड क्रमांक 6 निवासी सूरज सेन, तिल्दा की शिक्षक कॉलोनी निवासी शिवा साहू, नेवरा वार्ड क्रमांक 9 निवासी राहुल कुमार पंजवानी और मोहभट्ठा पारा नेवरा निवासी राहुल निषाद शामिल हैं। इसके अलावा तुलसी नेवरा निवासी इंदिरा सांवरा, गोवर्धन नगर नेवरा निवासी सूरज सिंह चौहान, सिनोधा के पंचवटी पारा निवासी मनोज निषाद और तिल्दा जोता फाटक के पास रहने वाले शोभू साहू के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में सासाहोली वार्ड क्रमांक 22 निवासी अशोक यादव, तुलसी नेवरा वार्ड क्रमांक 6 निवासी रवि यादव, तिल्दा वार्ड क्रमांक 15 निवासी करिया देवार, तुलसी नेवरा वार्ड क्रमांक 5 निवासी सूर्या सांवरा, ग्राम भूमिया निवासी पुरुषोत्तम विश्वकर्मा और ताराशिव वार्ड क्रमांक 2 निवासी संजय वर्मा को भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया है।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी तरह के विवाद या उपद्रव को रोकने के लिए क्षेत्र में पेट्रोलिंग, निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने संभावित असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और समय रहते कार्रवाई करने के लिए अपनी टीमों को सक्रिय रखा है।