कवर्धा में सोना डबल करने का झांसा देकर 7 लाख के जेवरात की ठगी, महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के कवर्धा में पूजा-पाठ के जरिए सोना डबल करने का झांसा देकर 65.5 ग्राम सोने के आभूषणों की ठगी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सराफा व्यापारी छोटे लाल सोनी से करीब 7 लाख रुपये कीमत की सोने की चैन, अंगूठी और लॉकेट ठग लिए थे। गिरफ्तार आरोपी हसनैन नासिर अली ईरानी के कब्जे से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Nov 1, 2026 - 16:08
 0  2
कवर्धा में सोना डबल करने का झांसा देकर 7 लाख के जेवरात की ठगी, महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सोना डबल करने का झांसा देकर लाखों रुपये के आभूषणों की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। कवर्धा की सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूजा-पाठ के माध्यम से सोना दोगुना करने का प्रलोभन देकर सराफा व्यापारी से 65.5 ग्राम सोने के आभूषण ठग लिए थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सराफा लाइन कवर्धा निवासी छोटे लाल सोनी ने 6 अक्टूबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उसी दिन दो व्यक्ति उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान में पहुंचे थे। दोनों ने पूजा-पाठ के माध्यम से सोना डबल करने का झांसा दिया। इसके बाद प्रतिष्ठान के सामने स्थित शक्ति मंदिर में पूजा-पाठ करने की बात कहकर उन्हें अपने विश्वास में लिया।

इसी दौरान आरोपियों ने धोखाधड़ीपूर्वक छोटे लाल सोनी की सोने की चैन, अंगूठी और लॉकेट ले लिए। इन आभूषणों का कुल वजन 65.5 ग्राम और अनुमानित मूल्य करीब 7 लाख रुपये था। आभूषण लेकर दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 456/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, जांच में हसनैन नासिर अली ईरानी, पिता नासिर अली, उम्र 18 वर्ष, निवासी भुसावल, जिला जलगांव, महाराष्ट्र की पहचान हुई।

स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने विवेचना में अपेक्षित सहयोग नहीं किया और नोटिस की शर्तों का पालन नहीं किया। इसके बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लेकर कवर्धा लाया गया।

थाना सिटी कोतवाली में प्रार्थी से आरोपी की पहचान कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, धोखाधड़ी से प्राप्त रकम में आरोपी का हिस्सा 48 हजार रुपये था। इसमें से शेष बची 15 हजार रुपये की नकद राशि उसकी निशानदेही पर बरामद कर जब्त की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इस मामले में दूसरा और मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश और पतासाजी कर रही है। साथ ही ठगी के बाकी सामान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल और अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लालजी सिन्हा और साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर के नेतृत्व वाली पुलिस टीम की भूमिका रही।