मुंगेली में साइबर जागृति अभियान तेज, 450 विद्यार्थियों समेत 1000 लोगों को किया जागरूक
मुंगेली जिले में साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस का साइबर जागृति अभियान लगातार जारी है। पीएम एकलव्य विद्यालय बंधवा में 450 विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी देकर शपथ दिलाई गई। वहीं गोंडखाम्ही और कोदवाबानी के साप्ताहिक बाजारों में करीब 1000 नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. राकेश भास्कर, मुंगेली l जिले में साइबर अपराधों से बचाव और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस का “साइबर जागृति अभियान” लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में स्कूलों, साप्ताहिक बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 8 सितंबर 2026 को ग्राम बंधवा स्थित पीएम एकलव्य विद्यालय में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी के तरीकों से बचने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 450 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि साइबर अपराध से बचने के लिए ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। इस दौरान सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर फ्रॉड से बचने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच साइबर सुरक्षा विषय पर रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से साइबर अपराध से सावधान रहने और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम के बाद पुलिस टीम द्वारा थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम गोंडखाम्ही और थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम कोदवाबानी में आयोजित साप्ताहिक मंगलवार बाजारों में भी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने बाजार में मौजूद सब्जी विक्रेताओं, किराना व्यापारियों, सोने-चांदी के व्यापारियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों से संवाद कर साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।
दोनों साप्ताहिक बाजारों में करीब 1000 लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने की जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस टीम ने जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए। लोगों को बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंकिंग पासवर्ड और अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध कॉल या मैसेज से सावधान रहने की अपील की। साथ ही ऑनलाइन ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क करने और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक सुंदर लाल गोरले, थाना प्रभारी लालपुर हर्षा वर्मा, तेज मरकाम, सहायक उप निरीक्षक मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास, अतुल ठाकुर सहित थाना लालपुर और लोरमी के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मुंगेली पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के माध्यम से लगातार स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराध के संभावित तरीकों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना है।