17वें जन्मदिन पर मुकुंद सोनी ने पेश की मिसाल, मुक्तिधाम और मंडी परिसर को भेंट किए वाटर कूलर
नगरी के 17 वर्षीय मुकुंद सोनी ने अपने जन्मदिन को समाजसेवा से जोड़ते हुए मुक्तिधाम और मंडी परिसर में वाटर कूलर एवं पेयजल व्यवस्था भेंट की। वहीं अन्य समाजसेवियों ने सीसीटीवी कैमरे और ध्वनि यंत्र प्रदान कर जनहित में योगदान दिया। इस पहल को नगरवासियों ने प्रेरणादायी बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिले के नगरी नगर में एक 17 वर्षीय युवक ने अपने जन्मदिन को समाजसेवा से जोड़कर ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिसकी पूरे नगर में सराहना हो रही है। ऐसे समय में जब जन्मदिन मनाने का चलन महंगे आयोजनों, पार्टियों और दिखावे की ओर बढ़ रहा है, वहीं मुकुंद सोनी ने अपने जन्मदिन को जनहित के कार्यों के लिए समर्पित कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया है।
नगर के प्रतिष्ठित स्वर्ण व्यवसायी एवं जीनियस पब्लिक स्कूल के संचालक मोहन सोनी के पुत्र मुकुंद सोनी ने अपने 17वें जन्मदिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक-9 स्थित मुक्तिधाम में अपने दिवंगत दादा बस्तीमल सोनी की स्मृति में एक वाटर कूलर भेंट किया। इसके अलावा मंडी परिसर के सामने किसानों, राहगीरों और नगरवासियों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु वाटर कूलर एवं पानी टंकी भी स्थापित कराई गई।
मुकुंद की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि कम उम्र में भी समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा का भाव रखा जा सकता है। नगरवासियों का कहना है कि जन्मदिन पर केक काटने और उत्सव मनाने के साथ यदि समाज के लिए कोई उपयोगी कार्य किया जाए तो उसका लाभ लंबे समय तक लोगों को मिलता है। मुकुंद की सोच और सामाजिक सरोकार युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय बन गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान अन्य समाजसेवियों ने भी जनहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समाजसेवी अनिल वाधवानी ने अपने पिता मुरलीधर वाधवानी की स्मृति में मुक्तिधाम परिसर के लिए सीसीटीवी कैमरे प्रदान किए। मुक्तिधाम में समय-समय पर असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को देखते हुए यह व्यवस्था सुरक्षा की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वहीं व्यवसायी प्रेमजीत सिंह छाबड़ा ने अपनी माता चरणजीत कौर छाबड़ा की स्मृति में ध्वनि यंत्र (साउंड सिस्टम) उपलब्ध कराया। इस व्यवस्था से अंतिम संस्कार, धार्मिक कार्यक्रमों तथा भक्ति संगीत के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण बनाने में सहायता मिलेगी।
मुक्तिधाम एवं मंडी परिसर में स्थापित दोनों वाटर कूलरों का विधिवत लोकार्पण पार्वती सोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने सभी दानदाताओं एवं समाजसेवी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने पूर्वजों और परिजनों की स्मृति में जनहित के कार्य करना समाज के लिए अनुकरणीय पहल है। ऐसे कार्य दिवंगत आत्माओं को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ लोगों को स्थायी सुविधा भी प्रदान करते हैं।
अध्यक्ष ने नगरवासियों से भी जनकल्याणकारी गतिविधियों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया और कहा कि नगर पंचायत ऐसे सभी सामाजिक कार्यों में सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी। उन्होंने विशेष रूप से मुकुंद सोनी की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में समाजसेवा का यह भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
कार्यक्रम में अश्वनी निषाद, शंकर देव, जयंती टुकेश्वरी साहू, मिक्की गुप्ता, अंबिका ध्रुव, चेलेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, नरेश पटेल, राजा पवार, संतोष अगलावे, शंकर पंजाबी, योगेश साहू, लक्ष्मी गुप्ता, विनय नाग, संजू निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।