कबीरधाम में 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप हेराफेरी मामले का चौथा आरोपी गिरफ्तार, गाजियाबाद से पकड़कर लाई चिल्फी पुलिस

कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की हेराफेरी के मामले में लंबे समय से फरार चौथे आरोपी रमाकांत उर्फ मोनू पाण्डेय को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में हरियाणा के रोहतक से ओडिशा जा रहे ट्रक को चिल्फी घाटी में दुर्घटनाग्रस्त दिखाकर माल की हेराफेरी की गई थी। मामले में पहले ही तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। अब तक लगभग 24.80 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की बरामदगी शेष है।

Nov 1, 2026 - 16:02
 0  3
कबीरधाम में 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप हेराफेरी मामले का चौथा आरोपी गिरफ्तार, गाजियाबाद से पकड़कर लाई चिल्फी पुलिस

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की हेराफेरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चिल्फी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चौथे आरोपी रमाकांत उर्फ मोनू पाण्डेय को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कबीरधाम लेकर पहुंची। इस मामले में इससे पहले तीन आरोपियों हिमांशु राजपूत, धर्मेंद्र कुमार और पवन राजपूत को गिरफ्तार किया जा चुका है।

कबीरधाम पुलिस के अनुसार, यह मामला वर्ष 2022 का है। 30 अगस्त 2022 को ट्रक क्रमांक RJ-05-GB-5730 में हरियाणा के रोहतक से 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप लोड कर ओडिशा स्थित टाटा स्टील, कलिंगनगर के लिए रवाना किया गया था। कंपनी की ओर से ट्रक का 94 हजार रुपये किराया वाहन स्वामी के HDFC बैंक खाते में जमा कराया गया था। निर्धारित समय पर ट्रक के गंतव्य तक नहीं पहुंचने पर कंपनी ने इसकी पतासाजी शुरू की।

जांच के दौरान ट्रक कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र की चिल्फी घाटी में खाई में दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। ट्रक की जांच करने पर उसमें लगभग 8 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप ही पाया गया, जबकि रवाना करते समय वाहन में कुल 33.290 मीट्रिक टन माल लोड था। इस तरह शेष माल की हेराफेरी किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने थाना चिल्फी में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 32/2022 के तहत धारा 406, 407, 120(बी) और 34 भादवि के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने पहले हिमांशु राजपूत, धर्मेंद्र कुमार और पवन राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।

विवेचना में सामने आए तथ्यों और अन्य आरोपियों के कथनों के आधार पर रमाकांत उर्फ मोनू पाण्डेय, पिता राजपाल पाण्डेय, उम्र 35 वर्ष, निवासी साहिबाबाद, जिला गाजियाबाद की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।

थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों और संभावित ठिकानों के आधार पर गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में तलाश की। आरोपी को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। स्थानीय न्यायालय से दो कार्य दिवस का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे कबीरधाम लाया गया। पूछताछ के बाद 1 नवंबर 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब भी लगभग 24.80 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की बरामदगी शेष है। पुलिस शेष माल की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।