जानकारी के अनुसार, डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में कोतवाली पुलिस लगातार नशे के विरुद्ध सघन अभियान चला रही है। इसी क्रम में 25 मार्च 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि मरवाही श्मशान घाट क्षेत्र में एक महिला अवैध रूप से गांजा बेच रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान श्रीमती मंशा पाण्डेय (23 वर्ष), निवासी दुलारी नगर, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 2 किलो 408 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने नियमानुसार स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में जब्ती की कार्रवाई पूरी की।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी छोटे-छोटे पैकेट बनाकर गांजा की फुटकर बिक्री करती थी, जिससे स्थानीय स्तर पर नशे का प्रसार हो रहा था।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है, ताकि नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचकर सख्त कार्रवाई की जा सके।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। लगातार कार्रवाई कर नशा तस्करों पर शिकंजा कसने का अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के इस अभियान को सफल बनाया जा सके।