एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर बोलीं पंडरिया विधायक भावना बोहरा — जनता ने विकास और स्थिरता के लिए दिया जनादेश
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने महिलाओं, किसानों और युवाओं के विकास को केंद्र में रखकर जनता का आभार जताया।
एनडीए की ऐतिहासिक जीत, बिहार की प्रगति के लिए जनता की प्रतिबद्धता का प्रतीक : भावना बोहरा
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए एक बार फिर सरकार बनाने का अपना संकल्प सिद्ध किया है। भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी दलों ने चुनाव में एक तिहाई से अधिक बहुमत प्राप्त करते हुए बड़ी जीत दर्ज की, जबकि महागठबंधन को पुनः करारी हार का सामना करना पड़ा।
एनडीए की इस ऐतिहासिक विजय पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी की नीतियों पर बिहार की जनता ने पुनः पूर्ण विश्वास जताया है। यह परिणाम सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के सुशासन, विकास और स्थिरता के मार्ग में दृढ़ विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी और नये बिहार के उज्ज्वल भविष्य में जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण है।
उन्होंने बिहार की जनता, एनडीए गठबंधन के सभी विजयी प्रत्याशियों और समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आपकी कर्मठता और प्रतिबद्धता ही इस विजय की वास्तविक शक्ति है।
विधायक बोहरा ने कहा कि बिहार की जनता ने महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों को आर्थिक मजबूती, आधारभूत संरचना के विकास और सुशासन की गति बढ़ाने के लिए एनडीए सरकार को पुनः चुना है। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने और झूठे वादों का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार की जनता जानती है कि मोदी जी जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं। मोदी सरकार द्वारा महिलाओं को ₹10,000 की आर्थिक सहायता, बिहार के लिए विशेष पैकेज, रोजगार के अवसर, रेल–सड़क–हवाई सुविधाओं का विस्तार, ऊर्जा आपूर्ति और सिंचाई सुधार जैसे कदम जमीनी स्तर पर बदलाव ला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इन परिवर्तनकारी नीतियों से भली-भांति परिचित है और यही एनडीए की ऐतिहासिक जीत का मुख्य कारण है।
भावना बोहरा ने यह भी साझा किया कि उन्हें केंद्रिय नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी द्वारा सोनपुर विधानसभा का प्रभारी बनाए जाने की जिम्मेदारी दी गई थी, जहाँ भाजपा प्रत्याशी विनय कुमार सिंह ने भी बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने सोनपुर की जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मिला स्नेह और विश्वास उनके लिए अमूल्य है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में एनडीए सरकार बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भर विकसित बिहार के निर्माण के लिए किए प्रत्येक वादे को पूर्ण करेगी और बिहार को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करेगी।