बिलासपुर पुलिस के शिकायत निवारण शिविर में 43 में से 41 मामलों का मौके पर समाधान
बिलासपुर पुलिस द्वारा आयोजित शिकायत निवारण शिविर में 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही निराकरण किया गया। आठ मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को त्वरित न्याय और पुलिस सेवाओं का सरल लाभ उपलब्ध कराना रहा।
UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l आम नागरिकों को त्वरित न्याय और पुलिस सेवाओं का सरल लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा बिलासगुडी चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनकर अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी तथा थाना प्रभारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 शिकायतों का तत्काल निराकरण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई।
शिविर में प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर फ्रॉड, लेन-देन में धोखाधड़ी तथा महिला संबंधी मामलों से जुड़ी थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, शिविर के दौरान आठ मामलों में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर मौके पर ही एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस पहल से कई ऐसे मामलों का समाधान हुआ, जिनमें शिकायतकर्ता लंबे समय से कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे थे।
थानावार प्राप्त शिकायतों में महिला थाना से सबसे अधिक आठ शिकायतें दर्ज हुईं। इसके बाद कोतवाली से सात, सिरगिट्टी से चार, कोनी, रतनपुर और तोरवा से तीन-तीन, जबकि सिविल लाइन, सरकंडा, तखतपुर, चकरभाठा, सीपत और मस्तूरी थाना क्षेत्रों से दो-दो शिकायतें प्राप्त हुईं।
रजनेश सिंह ने कहा कि शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को बार-बार थानों के चक्कर लगाने से बचाना और जिला स्तर पर ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली, सीएसपी सिविल लाइन, एसडीओपी कोटा, डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
शिविर में पहुंचे फरियादियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर अधिकारियों से सीधे संवाद और तत्काल समाधान मिलने से उनका समय बचा तथा पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ। बिलासपुर पुलिस की यह पहल जनसुनवाई और त्वरित न्याय की दिशा में एक प्रभावी प्रयास के रूप में सामने आई है।