सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत फरसगांव में चला विशेष स्वच्छता अभियान

स्वच्छता ही सेवा और सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत फरसगांव नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मुक्तिधाम परिसर और वार्ड क्रमांक 12 की स्वच्छता लक्षित इकाई में अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वच्छता दीदियों ने श्रमदान कर सफाई की। अभियान के तहत जनजागरूकता और स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।

Sep 25, 2026 - 19:50
 0  5
सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत फरसगांव में चला विशेष स्वच्छता अभियान

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव l फरसगांव स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत नगर पंचायत फरसगांव में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पंचायत क्षेत्र के मुक्तिधाम परिसर और वार्ड क्रमांक 12 में चिन्हित स्वच्छता लक्षित इकाई में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में अधिकारी-कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

मुक्तिधाम परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस दौरान अनावश्यक कचरे और गंदगी को हटाकर परिसर को व्यवस्थित किया गया। साथ ही लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने और कचरे का उचित निपटान करने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान स्वच्छता को केवल सफाई कार्य तक सीमित न रखते हुए नागरिकों की जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों और स्वच्छता दीदियों ने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को नियमित रूप से साफ रखने तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

वार्ड क्रमांक 12 में चिन्हित स्वच्छता लक्षित इकाई की भी विशेष साफ-सफाई की गई। नगर पंचायत द्वारा इस इकाई को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ भविष्य में इसे और अधिक आकर्षक एवं सौंदर्यपूर्ण स्वरूप देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत आवश्यक व्यवस्थाओं और सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं।

नगर पंचायत के सीएमओ के अनुसार, स्वच्छता लक्षित इकाई को आगामी समय में एक व्यवस्थित और आकर्षक सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस स्थल को स्वच्छता के साथ-साथ सार्वजनिक सौंदर्यीकरण के उदाहरण के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। नगर पंचायत फरसगांव द्वारा अभियान के दौरान अब तक स्कूली बच्चों के लिए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां, श्रमदान और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

अभियान में स्कूली बच्चों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

नगर पंचायत फरसगांव ने नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाएं। घर, वार्ड और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाकर स्वच्छ और स्वस्थ फरसगांव के निर्माण में सहयोग करें।