वनांचल ग्राम कामठी में आस्था और जनकल्याण का दिव्य संगम, विधायक भावना बोहरा के साथ 151 शिवलिंग में सामूहिक रुद्राभिषेक
पंडरिया विधानसभा अंतर्गत वनांचल ग्राम कामठी में महाशिवरात्रि के अवसर पर 700 से अधिक दंपतियों व श्रद्धालुओं ने 151 पार्थिव शिवलिंग में सामूहिक रुद्राभिषेक किया। विधायक भावना बोहरा की उपस्थिति में भंडारा, भजन संध्या और जनकल्याण का संदेश दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA .पंडरिया | महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पंडरिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम कामठी में आस्था, संस्कृति और जनकल्याण का दिव्य संगम देखने को मिला। विधायक भावना बोहरा के सान्निध्य में 700 से अधिक विवाहित जोड़ों और हजारों श्रद्धालुओं ने 151 पार्थिव शिवलिंगों में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक किया और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस भव्य आयोजन में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विशेष रूप से ग्राम नेऊर और दमगढ़ के आदिवासी परिवारों की सहभागिता ने आयोजन को और भी भावनात्मक एवं सामाजिक रूप से सशक्त स्वरूप प्रदान किया। आयोजन के दौरान 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं महाप्रसादी का भी आयोजन किया गया, जिसमें विधायक भावना बोहरा ने स्वयं प्रसाद वितरण किया।
भक्तिमय वातावरण के बीच छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक अनुराग शर्मा द्वारा प्रस्तुत भजनों ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। भजन संध्या के दौरान भगवान भोलेनाथ के जयकारों से ग्राम कामठी सहित आसपास का क्षेत्र श्रद्धा और उल्लास से गूंज उठा।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने आयोजन में पधारे सभी श्रद्धालुओं तथा पंडरिया विधानसभा वासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन हमारी धार्मिक संस्कृति और परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों श्रद्धालुओं द्वारा एक साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई है।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक समरसता की परंपराओं के लिए जाना जाता है। यहां के जन-जीवन में सनातन मूल्यों की गहरी आस्था है और हम सभी का दायित्व है कि इस अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं। यह आयोजन न केवल धार्मिक चेतना को मजबूत करेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता को भी सुदृढ़ करेगा।
भावना बोहरा ने आगे कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के विकास, शांति और समृद्धि के लिए एक सकारात्मक संकल्प का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सृष्टि के कल्याणकर्ता हैं और 151 शिवलिंगों में किया गया यह सामूहिक रुद्राभिषेक पूरे पंडरिया क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और जनकल्याण की भावना को प्रोत्साहन मिलता है तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को नई पहचान मिलती है। विधायक ने अंत में समस्त क्षेत्रवासियों और आयोजन में सहभागी सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी पंडरिया विधानसभा की प्रगति, जनता की सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।