बारिश में पीलिया से बचाव के लिए स्वच्छ पानी और सुरक्षित भोजन जरूरी

मानसून के दौरान दूषित पानी और अस्वच्छ खान-पान से पीलिया सहित जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से स्वच्छ पानी पीने, भोजन से पहले हाथ धोने, खुले खाद्य पदार्थों से बचने और आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की है। पीलिया के लक्षण दिखने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई है।

Aug 10, 2026 - 18:09
 0  7
बारिश में पीलिया से बचाव के लिए स्वच्छ पानी और सुरक्षित भोजन जरूरी

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l मानसून के दौरान जलस्रोतों के दूषित होने और आसपास अस्वच्छता बढ़ने के कारण पीलिया सहित विभिन्न जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, सुरक्षित भोजन लेने और व्यक्तिगत तथा आसपास की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पीलिया से बचाव के लिए हमेशा स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी का सेवन करना चाहिए। यदि पानी की शुद्धता को लेकर किसी तरह की आशंका हो तो उसे अच्छी तरह उबालकर ठंडा करने के बाद उपयोग किया जा सकता है। पेयजल को हमेशा ढककर रखने की सलाह दी गई है। भोजन बनाने या खाना खाने से पहले साबुन से हाथ अच्छी तरह धोना भी संक्रमण से बचाव का महत्वपूर्ण तरीका है।

मानसून के दौरान खुले में रखे खाद्य पदार्थों, कटे-फटे फलों, अस्वच्छ खाद्य सामग्री और दूषित पानी से तैयार खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी गई है। होटल, ठेले या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भोजन करते समय भी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। भोजन और पेयजल की स्वच्छता को लेकर थोड़ी सी सावधानी कई जलजनित बीमारियों से बचाव में मददगार हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने घर और आसपास पानी का जमाव नहीं होने देने की भी अपील की है। पेयजल स्रोतों के आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के साथ नाली और गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। खुले में शौच से बचते हुए शौचालय का उपयोग करना स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जरूरी है।

पीलिया के प्रमुख लक्षणों में आंखों और त्वचा का पीला पड़ना, पेशाब का रंग गहरा होना, भूख कम लगना, कमजोरी, मतली और उल्टी शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी है।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान स्वच्छ पानी पिएं, सुरक्षित भोजन करें, हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें और घर तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। जागरूकता और सावधानी अपनाकर पीलिया सहित कई जलजनित बीमारियों से स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है।