राजानवागांव में स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं से जगाई जागरूकता

कवर्धा के राजानवागांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा एवं नशा मुक्त युवा भारत अभियान के तहत चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता और नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता का संदेश दिया। प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

Aug 10, 2026 - 18:06
Aug 10, 2026 - 18:07
 0  2
राजानवागांव में स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं से जगाई जागरूकता

UNITED NEWS OF ASIA. विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत कबीरधाम के तत्वावधान में ग्राम राजानवागांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्वच्छता पखवाड़ा एवं नशा मुक्त युवा भारत अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थाना राजानवागांव के एएसआई तेज लाल निषाद तथा विशिष्ट अतिथि ग्रामोदय संस्था के कार्यकारी निदेशक चंद्रकांत यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सुजीत गुप्ता ने की। इस अवसर पर मेरा भारत स्वयंसेवक रमन सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष साहू, शिक्षक शिवेंद्र चंद्रवंशी सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता, नशामुक्ति और युवाओं की सक्रिय सहभागिता विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होकर देश सेवा और समाजहित के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े तो समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता तथा नशा मुक्त युवा विषय पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और विचारों के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को सामने रखा। वहीं निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों और इससे दूर रहने की आवश्यकता को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता को अपनाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों को नशा मुक्त भारत की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने समाज को नशे से मुक्त बनाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया।

इस दौरान माई भारत स्वयंसेवकों ने युवाओं को माई भारत पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत से जुड़कर सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में माई भारत स्वयंसेवक रुद्रचरण, दीपक मरकाम, खुशी, कीर्ति एवं बसंती का विशेष योगदान रहा। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं में स्वच्छता, नशामुक्ति तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।