कपास किसानों की समृद्धि के लिए BMS और ILO की अनूठी पहल, अलीराजपुर में आयोजित किसान चौपाल
अलीराजपुर जिले के ग्राम सेजा में भारतीय मजदूर संघ और अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन के संयुक्त तत्वावधान में कपास किसानों के लिए जागरूकता एवं सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
UNITED NEWS OF ASIA.मुस्तकीन मुग़ल, अलीराजपुर मध्य प्रदेश। कपास किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से अलीराजपुर जिले के ग्राम सेजा में भारतीय मजदूर संघ (BMS) और अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण सूचना एवं सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ‘राईज फॉर इम्पैक्ट’ संस्था का भी सहयोग रहा। बैठक का मुख्य उद्देश्य कपास की खेती को उन्नत बनाना तथा किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाना रहा।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरणमय पंडिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसान आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और सही मार्गदर्शन अपनाएं तो कपास की खेती न केवल लाभकारी बन सकती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानकों पर भी खरी उतर सकती है। उन्होंने किसानों से संगठित होकर कार्य करने और नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
मध्य प्रदेश भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप गुर्जर ने किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान बिचौलियों से बचकर सीधे सरकारी योजनाओं से जुड़ सकते हैं और अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जागरूकता ही किसानों की सबसे बड़ी ताकत है।
बैठक के दौरान अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि ILO श्रमिकों और किसानों के कल्याण के लिए पांच प्रमुख स्तंभों—सुरक्षा, न्यायोचित पारिश्रमिक, सामाजिक सुरक्षा, समान अवसर और सम्मानजनक कार्य—पर कार्य कर रहा है। इन प्रयासों से किसानों और कृषि श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला कोऑर्डिनेटर विवेक कुमार ने किया। ग्राम सेजा के सरपंच गिलडर डावर के विशेष सहयोग से आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।
फील्ड स्तर पर किसानों की सहायता के लिए 10 सदस्यीय टीम जिले के 5 ब्लॉकों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इस टीम में सोमजी भूरिया (प्रदेश मंत्री, BMS), राधु जी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, वनवासी कृषि), धन सिंह कनेश (जिला मंत्री, BMS) सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
यह पहल अलीराजपुर जिले के कपास उत्पादक किसानों के लिए एक सकारात्मक और क्रांतिकारी कदम मानी जा रही है, जिससे किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।