किसानों की मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी का प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन, रायपुर में NH-30 पर होगा चक्का जाम
धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने, टोकन और रकबा समर्पण की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी 29 जनवरी 2026 को प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन करेगी। रायपुर जिले के अभनपुर में नेशनल हाइवे-30 पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA.हसीब अख्तर, रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय और धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी द्वारा 29 जनवरी 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि राज्य सरकार की नीतियों के चलते किसान लगातार परेशान हैं और कई किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं के खिलाफ साजिशन फैसले ले रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले 31 जनवरी तक धान खरीदी का आश्वासन दिया था, लेकिन अब 29 जनवरी को ही खरीदी बंद की जा रही है, जिससे लाखों किसान प्रभावित होंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे और सीमांत किसानों से जबरन रकबा समर्पण कराया जा रहा है। कई किसानों को अब तक टोकन नहीं मिल पाया है, वहीं टोकन के नाम पर भौतिक सत्यापन कर किसानों को अपमानित किया जा रहा है। सरकार द्वारा टोकन काटना बंद कर देने से किसान धान बेचने में असमर्थ हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक खराब होती जा रही है।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांग है कि प्रदेश में धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाकर 28 फरवरी 2026 तक की जाए, ताकि सभी किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिल सके। पार्टी का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो किसान आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इन सभी मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी रायपुर जिला इकाई द्वारा 29 जनवरी 2026, गुरुवार को दोपहर 12 बजे रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में नेशनल हाइवे-30 पर स्थित मोहन ढाबा के पास चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की जनता से किसानों के समर्थन में इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।