भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने लगाया वीबीजी राम जी को लेकर जनचौपाल, ग्रामीण विकास में बनेगा मील का पत्थर – सुरेंद्र कौशिक
दुर्ग जिले के उतई मंडल अंतर्गत ग्राम हनोदा और खमहरिया में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा विकसित भारत जी राम जी अधिनियम को लेकर जनचौपाल आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों को योजना की विशेषताओं से अवगत कराया गया।
UNITED NEWS OF ASIA.भुवाल रोहिताश, दुर्ग। ग्रामीण भारत के विकास को नई दिशा देने वाले विकसित भारत जी राम जी अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उतई मंडल के ग्राम हनोदा एवं खमहरिया में जनचौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष तेखन सिन्हा ने किया।
जनचौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को विकसित भारत जी राम जी अधिनियम की विशेषताओं, उद्देश्य और लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि यह अधिनियम केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो ग्रामीण क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम मनरेगा का उन्नत और अधिक प्रभावी स्वरूप है।
सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि जहां मनरेगा के अंतर्गत 100 दिनों का रोजगार मिलता था, वहीं विकसित भारत जी राम जी अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के सुनिश्चित रोजगार की कानूनी गारंटी दी जाएगी। इसके साथ ही मजदूरी भुगतान की समय-सीमा तय की गई है। यदि 7 दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान नहीं होता है, तो विलंब पर अतिरिक्त राशि मजदूर को दी जाएगी, जिसे मजदूरी पर ब्याज के रूप में माना जाएगा। इससे मजदूरों को समय पर भुगतान और न्याय सुनिश्चित होगा।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष तेखन सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह अधिनियम खेती-किसानी को सुरक्षित रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है। बुवाई और कटाई के समय 60 दिनों तक कार्य रोकने का प्रावधान रखा गया है, जिससे किसानों को पर्याप्त मजदूर मिल सकें और कृषि कार्य प्रभावित न हो। इससे ग्रामीण पलायन रुकेगा और कृषि उत्पादन को स्थिरता मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा में पहले फर्जी मास्टर रोल, मशीनों के उपयोग और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती थीं, जिन्हें नया अधिनियम समाप्त करेगा और पारदर्शिता बढ़ाएगा।
इस अवसर पर मंडल भाजपा महामंत्री प्रवीण यदु, कमलेश हिरवानी, सरपंच सुनीता साहू, दुलारी देशलहरे, संदीप कहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जनचौपाल में ग्रामीणों ने योजना के प्रति उत्साह दिखाया और इसे गांवों के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।