आरंग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैस सिलेंडर चोर गिरफ्तार, 24 घंटे में सुलझा मामला

थाना आरंग पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर 13 गैस सिलेंडर जप्त किए। आरोपी ने रायपुर और महासमुंद जिले में कई चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं।

Jan 29, 2026 - 12:56
 0  9
आरंग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैस सिलेंडर चोर गिरफ्तार, 24 घंटे में सुलझा मामला

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, आरंग (रायपुर)। थाना आरंग पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस पूरे मामले का खुलासा डीएसपी लम्बोदर पटेल द्वारा किया गया। प्रकरण थाना आरंग में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत पंजीबद्ध किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजकुमार टंडन, निवासी ग्राम गुल्लू, ने 27 जनवरी 2026 को थाना आरंग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बस स्टैंड गुल्लू में “राजहंस च्वाइस सेंटर” नामक प्रतिष्ठान है, जहां वह घरेलू गैस सिलेंडर वितरण का कार्य करता है। दिनांक 20 जनवरी 2026 को वह दुकान बंद कर निजी कार्य से आरंग गया हुआ था। लौटने पर उसने देखा कि दुकान के सामने रखे गए 6 भरे और 7 खाली गैस सिलेंडरों में से 4 भरे हुए एचपी कंपनी के सिलेंडर चोरी हो चुके हैं

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति अपने साथी के साथ नीले रंग की एक्टिवा में सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिया। रिपोर्ट के आधार पर थाना आरंग में मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कन्हैयालाल राजपाल सिंधी, निवासी न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर के रूप में की गई। पुलिस टीम ने उसके घर दबिश दी, जहां वह भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मुकेश कुकरेजा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया तथा चोरी किए गए सिलेंडर विकास कुमार गुप्ता, निवासी गुढ़ियारी रायपुर की बर्तन दुकान में बेचने की बात बताई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 13 गैस सिलेंडर जप्त किए, जिनमें 11 सिलेंडर गुप्ता बर्तन दुकान से बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने रायपुर एवं महासमुंद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कई अन्य सिलेंडर चोरी की घटनाओं को भी स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में

  1. कन्हैयालाल राजपाल सिंधी (48 वर्ष), निवासी न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर

  2. विकास कुमार गुप्ता (23 वर्ष), निवासी गुढ़ियारी रायपुर

शामिल हैं। आरोपी कन्हैयालाल के विरुद्ध रायपुर जिले के पुरानी बस्ती, टिकरापारा एवं देवेंद्र नगर थानों में भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।