ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी कार्रवाई: शेयर ट्रेडिंग व ऑनलाइन जॉब ठगी के 11 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी करने वाले 11 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ देशभर के 66 थानों में मामले दर्ज हैं।
UNITED NEWS OF ASIA.हसिब अख्तर, रायपुर | रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रायपुर रेंज पुलिस द्वारा ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर लोगों को अत्यधिक लाभ का झांसा देकर ठगी करने वाले 11 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, राजस्थान और उड़ीसा के निवासी हैं।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इन मुख्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध देश के विभिन्न 66 थाना एवं साइबर सेल में रिपोर्ट दर्ज है, जिससे इस गिरोह की संगठित और अंतर्राज्यीय गतिविधियों का खुलासा हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आए पांच प्रमुख मामलों में पीड़ितों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई। शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे के नाम पर 89 लाख, 26 लाख, 32 लाख और 18 लाख रुपये की ठगी के अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए, वहीं ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के बहाने 15 लाख रुपये की ठगी का मामला भी सामने आया। इन मामलों में बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका में फर्जी बैंक खाते खुलवाना, फर्जी कंपनियों के खातों के माध्यम से रकम को घुमाना, कमीशन के आधार पर खातों की व्यवस्था करना, सोशल मीडिया पर प्रमोशनल मैसेज और वीडियो वायरल करना शामिल है। कुछ आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को गिरोह में जोड़ने का कार्य कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह ठगी की रकम को कई लेयर में ट्रांसफर कर अन्य आरोपियों तक पहुंचाता था, जिससे रकम का पता लगाना कठिन हो जाता था। हालांकि, साइबर टीम द्वारा आधुनिक तकनीक और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क को चिन्हित किया गया।
रायपुर रेंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शेयर ट्रेडिंग या ऑनलाइन जॉब के नाम पर मिलने वाले लालच भरे ऑफर से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल को दें।