छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का फाइनल मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच, सेमीफाइनल में बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराया

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल में मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगे। दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से पराजित किया। दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबले को लेकर हॉकी प्रेमियों में उत्साह है।

Nov 1, 2026 - 10:27
 0  3
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का फाइनल मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच, सेमीफाइनल में बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराया

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स का सामना संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा। शनिवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला बुल्स को दी शिकस्त

दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैनपाट की ओर से संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। पहले हाफ तक टाइटन्स ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाया और एक-दूसरे के हमलों को रोकने की पूरी कोशिश की।

बैलाडीला बुल्स के जसकरण सिंह को पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करने के मौके मिले, लेकिन मैनपाट के गोलकीपर अल्फाज खान ने शानदार बचाव किया। वहीं बुल्स के गोलकीपर दलेश्वर यादव ने भी मोहित नायक के गोल करने के प्रयासों को नाकाम किया।

मैच के अंतिम चरण में मैनपाट टाइटन्स ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली। प्रिंस भगत ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपना दूसरा गोल करते हुए टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई। मुकाबले के अंतिम पलों में अंकित कुजूर ने बैलाडीला बुल्स के लिए एक गोल किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। इस तरह मैनपाट टाइटन्स ने मुकाबला 3-1 से जीत लिया।

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराया

पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। शुरुआत से ही दोनों टीमों ने तेज गति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। स्ट्राइकर्स की ओर से शाहरुख ने शानदार फ्लिक के जरिए पहला गोल किया। इसके बाद न्यायधानी नाइट्स के आदर्श ने फील्ड गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। चिराग ने एक और गोल कर नाइट्स को बढ़त दिलाई।

दूसरे क्वार्टर में आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर लीग में अपना 13वां गोल पूरा किया। इसके साथ ही वे टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। अरबाज अली ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्ट्राइकर्स के लिए गोल किया।

तीसरे क्वार्टर में शाहरुख ने लगातार दो गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अंतिम क्वार्टर में आर्यन ज़ेस, ओम कुमार यादव और निशांत तिर्की के गोलों ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की जीत सुनिश्चित कर दी। टीम ने यह मुकाबला 6-3 से अपने नाम किया।

दूसरे सेमीफाइनल में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले को देखने उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, विधायक अनुज शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, बीसीसीआई कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया, हरिभूमि के संपादक हिमांशु द्विवेदी सहित विभिन्न संस्थानों के अधिकारी और प्रतिनिधि स्टेडियम पहुंचे।

अब छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल में मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन कर फाइनल तक का सफर तय किया है।