स्वामी आत्मानंद स्कूलों में संविदा भर्ती परीक्षा के पहले दिन 83.25% अभ्यर्थी रहे उपस्थित, 18 केंद्रों में हुई CBT परीक्षा
छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित CBT परीक्षा के पहले दिन 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। 31 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के 18 परीक्षा केंद्रों में 10 विषयों के 361 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। कुल 7,025 आवेदन में से 5,848 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,177 अनुपस्थित रहे। परीक्षा में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से डेढ़ गुना रही। अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के पहले दिन अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यह परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 1812 रिक्त संविदा पदों को भरा जाना है। परीक्षा के प्रथम दिन प्रदेश के 18 परीक्षा केंद्रों में 10 विषयों के 361 रिक्त पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले दिन आयोजित परीक्षा के लिए कुल 7,025 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 5,848 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,177 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहले दिन कुल 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। विषयवार उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार शिक्षक गणित विषय में सबसे अधिक 90.25 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, भौतिक विज्ञान में 84.83 प्रतिशत, जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत, संस्कृत में 81.77 प्रतिशत और इतिहास में 80.56 प्रतिशत उपस्थिति रही।
इसी तरह व्याख्याता रसायन विषय में 77.07 प्रतिशत, व्यायाम शिक्षक में 76.9 प्रतिशत, भूगोल में 64.29 प्रतिशत और अर्थशास्त्र में 63.64 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि गणित विषय में अभ्यर्थियों की उपस्थिति सबसे अधिक रही, जबकि अर्थशास्त्र विषय में सबसे कम उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों का आवंटन किया गया था। विभाग के अनुसार कुल 34,604 परीक्षार्थियों में से 34,514 यानी 99.74 प्रतिशत अभ्यर्थियों को उनकी सुविधा के अनुसार परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए अनावश्यक दूरी तय करने से राहत मिली।
इस भर्ती परीक्षा में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। कुल 34,604 आवेदकों में 20,779 महिलाएं यानी लगभग 60 प्रतिशत और 13,825 पुरुष यानी लगभग 40 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हैं। आवेदन करने वाली महिलाओं की संख्या पुरुषों की तुलना में करीब डेढ़ गुना है। इसके अलावा 332 दिव्यांग अभ्यर्थी भी इस कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पहली बार आयोजित इस कंप्यूटर आधारित परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। परीक्षार्थियों के अनुसार CBT प्रणाली पारंपरिक OMR और पेन-एंड-पेपर परीक्षा की तुलना में तेज और प्रभावी है। इसमें उत्तरों का कंप्यूटर के माध्यम से स्वचालित मूल्यांकन किया जाता है, जिससे कम समय में परिणाम तैयार करने और मानवीय त्रुटियों की संभावना कम करने में मदद मिल सकती है।
अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि CBT परीक्षा में उत्तरों, उत्तर कुंजी, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट ट्रेल उपलब्ध होने से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है। कई परीक्षार्थियों ने भविष्य में अन्य भर्ती परीक्षाओं को भी कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित करने की अपील की है। अब आगामी चार दिनों में होने वाली परीक्षाओं पर अभ्यर्थियों की नजर रहेगी।