धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध गौ-तस्करी करते 6 आरोपी गिरफ्तार, 16 गौवंश सुरक्षित बरामद

धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने क्रूरता पूर्वक उड़ीसा ले जाए जा रहे 16 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया।

Jan 23, 2026 - 11:35
 0  21
धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध गौ-तस्करी करते 6 आरोपी गिरफ्तार, 16 गौवंश सुरक्षित बरामद

UNITED NEWS OF ASIA.रिजवान मेमन, धमतरी | धमतरी पुलिस द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर थाना सिहावा पुलिस ने अवैध गौ-तस्करी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 16 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति गौवंश की अवैध तस्करी कर उन्हें उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थान पर दबिश दी।

मौके पर पुलिस ने देखा कि 6 आरोपी 10 गाय, 4 बछड़े और 2 बछियों को रस्सियों से बांधकर, बिना दाना-पानी दिए, डंडों से मारते हुए क्रूरता पूर्वक हांक रहे थे। पुलिस द्वारा रोकने पर आरोपियों से पूछताछ की गई, लेकिन वे गौवंश की खरीदी-बिक्री अथवा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उक्त गौवंश को रायघर (उड़ीसा) स्थित पशु बाजार में विक्रय करने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर क्रमांक OD-24-L-3202 को भी जप्त किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा पालतू गौवंश का अवैध एवं क्रूरता पूर्वक परिवहन कर विक्रय किया जा रहा था, जो छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत दंडनीय अपराध है। इस संबंध में थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 06/26 धारा 4, 6 एवं 10 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।

सभी 6 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, सुरक्षित बरामद किए गए सभी गौवंश को संरक्षण हेतु उचित व्यवस्था में रखा गया है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गौ-तस्करी, पशु क्रूरता एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।