इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यादव समाज सनातन संस्कृति और परंपराओं की मजबूत पहचान है। समाज द्वारा अपनी समृद्ध लोक परंपराओं को निरंतर सहेजने और आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से राउत नाचा जैसी छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक विरासत समाज को अपनी जड़ों से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व प्रेम, एकजुटता और उल्लास के साथ अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश देता है।
जन्माष्टमी उत्सव के तहत मानस मंच से बाइक रैली निकाली गई। यह रैली शिवपाट होते हुए लोरमी शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इसके बाद शीतला मंदिर, बाजारपारा से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मेन रोड से होते हुए मानस मंच पहुंची। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला। धार्मिक आयोजन के साथ लोक संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का भी संदेश दिया गया।
मानस मंच में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा। छत्तीसगढ़ रत्न प्रसिद्ध लोकगायिका आरु साहू ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति से लोगों का मनोरंजन किया। इसके साथ ही महादेव तांडव रोड शो और बाइक रैली का आयोजन भी किया गया। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर सर्व यादव समाज लोरमी द्वारा निःशुल्क रक्तदान शिविर भी लगाया गया। समाज के सदस्यों के साथ इच्छुक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजकों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस पहल के जरिए धार्मिक आयोजन के साथ सेवा और जनकल्याण का संदेश भी सामने आया।
कार्यक्रम में धनीराम यादव, संजय यादव, अविश अवनीश यादव, रामप्रकाश यादव, गिरधारी यादव, नरेश यादव, सुशील यादव, शिवशंकर यादव, पूर्णिमा यादव, पुष्पा यादव, संजू यादव, शत्रुहन यादव, तोरन यादव, विनोद यादव, दरबारी यादव सहित यादव समाज और यदुवंशी सेना के पदाधिकारी मौजूद रहे। लोरमी नगरपालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. अशोक जायसवाल, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षदगण और नगरवासी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। उत्सव ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।