नशे के खिलाफ DRI की बड़ी कार्रवाई, रायपुर में 500 किलो गांजा जब्त, देशभर में 13 गिरफ्तार
DRI ने देशभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलोग्राम चरस जब्त की है। छत्तीसगढ़, बिहार, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में हुई कार्रवाई के दौरान NDPS अधिनियम के तहत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पटना में कार्रवाई के दौरान DRI का एक अधिकारी घायल हुआ।
UNITED NEWS OF ASIA. नशे के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय यानी DRI ने देशभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़, बिहार, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक समेत विभिन्न स्थानों पर की गई खुफिया आधारित कार्रवाई में कुल 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलोग्राम चरस जब्त की गई है। अभियान के दौरान NDPS अधिनियम, 1985 के तहत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अलग-अलग राज्यों में हुई इन कार्रवाइयों में सड़क, रेल और हवाई मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों का खुलासा हुआ है। वहीं बिहार के पटना में कार्रवाई के दौरान DRI का एक अधिकारी घायल भी हुआ।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में DRI ने 8 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों से 375.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया। अधिकारियों ने पुराने धमतरी रोड के पास विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रकों के लोडिंग क्षेत्र में रखी 10 बोरियों के भीतर छिपाए गए 61 पैकेट मिले, जिनमें गांजा बरामद हुआ। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 26 अगस्त को भी DRI ने रायपुर के पास एक ट्रक से करीब 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। उस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर रायपुर क्षेत्र में करीब 500 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।
बिहार के पटना में 5 और 6 सितंबर को खुफिया सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने औरंगाबाद-पटना हाईवे पर एक ट्रक को रोकने की कार्रवाई की। इस दौरान अधिकारियों पर हमला किया गया, जिसमें DRI का एक अधिकारी घायल हो गया। हालांकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक की तलाशी लेने पर ड्राइवर के केबिन के पीछे एक गुप्त केबिन मिला। इसमें 90 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 140.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। DRI ने ट्रक और गांजा दोनों को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पंजाब के लुधियाना में भी DRI ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। 1 और 2 सितंबर को एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर उसके फर्श में विशेष रूप से बनाई गई कैविटी का पता चला। इस कैविटी में 67 पैकेटों में करीब 69 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। DRI ने वाहन और मादक पदार्थ को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पता चला कि तस्करी के लिए वाहनों में विशेष जगह बनाकर मादक पदार्थ छिपाने का प्रयास किया जा रहा था।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 3 सितंबर को DRI ने अमरनाथ एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में कार्रवाई की। जांच के दौरान तीन यात्रियों के पास से करीब 5 किलोग्राम चरस बरामद की गई। DRI के अनुसार यह चरस नेपाल से भारत लाई गई थी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
इसके अलावा हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी DRI ने पिछले 15 दिनों में तीन अलग-अलग अभियानों में कार्रवाई की। हनोई और बैंकॉक से भारत पहुंचे तीन यात्रियों के पास से कुल 24.6 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। तीनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया। DRI के अनुसार सड़क, रेल और हवाई मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इन कार्रवाइयों के जरिए एजेंसी तस्करी के नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।