नगरी के गोपी किशन निषाद का CRPF में चयन, नगर में खुशी की लहर

नगरी नगर के युवक गोपी किशन निषाद का केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कॉन्स्टेबल जीडी पद पर चयन हुआ है। उनकी सफलता से नगर सहित पूरे क्षेत्र और समाज में खुशी का माहौल है। चयन के बाद उन्हें राजस्थान में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Feb 10, 2026 - 16:26
 0  2
नगरी के गोपी किशन निषाद का CRPF में चयन, नगर में खुशी की लहर

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, नगरी। नगरी नगर के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 7 निवासी होनहार युवक गोपी किशन निषाद का चयन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कॉन्स्टेबल (GD) के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल नगरी नगर बल्कि पूरा निषाद समाज और छत्तीसगढ़ राज्य गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

गोपी किशन निषाद, पिता केदारनाथ निषाद, ने कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर यह सफलता हासिल की है। साधारण परिवार से आने के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।

इस उपलब्धि पर नगरी नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, वार्ड पार्षद चेलेश्वरी साहू तथा लोक निर्माण विभाग के सभापति अश्वनी निषाद ने गोपी किशन निषाद को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गोपी किशन निषाद ने नगरी नगर और निषाद समाज का नाम रोशन किया है और ऐसे युवा देश सेवा कर समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, CRPF में नियुक्ति के बाद गोपी किशन निषाद को एक वर्ष का प्रशिक्षण राजस्थान राज्य में दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात वे देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

गोपी किशन निषाद की सफलता से क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। नगरवासियों ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।