इस पहल के तहत गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल फुंदहर, गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल देवपुरी, स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल लालपुर और गवर्नमेंट न्यू प्राइमरी स्कूल टिकरापारा को सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इन चारों स्कूलों में मिलाकर लगभग 2500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिन्हें इस पहल का लाभ मिलेगा।
अस्पताल की ओर से स्कूलों में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इनमें महिला शौचालयों की स्थापना, दीवारों पर चित्रकारी, वाटर कूलर की व्यवस्था तथा भवन के फेसाड का सुधार और प्रतिस्थापन शामिल है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य छात्रों को एक सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना है, जिससे वे बेहतर तरीके से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
एमएमआई रायपुर, जो कि एनएच ग्रुप की इकाई है, ने इन कार्यक्रमों की शुरुआत नारायणा हेल्थ लिमिटेड (NHL) की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहलों के तहत की है। इन पहलों का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक विकास को बढ़ावा देना और सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। इसके माध्यम से छात्रों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना भी लक्ष्य है।
इस अवसर पर एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर अजीत बेल्लमकोंडा ने कहा कि मजबूत समुदायों की नींव अच्छे स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर टिकी होती है। उन्होंने कहा कि रायपुर के स्कूलों को सहयोग देकर अस्पताल ऐसे शिक्षण वातावरण में योगदान देना चाहता है, जहां छात्र प्रेरित महसूस करें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ सकें।
वहीं डॉ. राजेन्द्र परगनिया (एमबीबीएस, एमडी जनरल मेडिसिन) ने कहा कि सहयोगी और सकारात्मक शिक्षण वातावरण छात्रों की पढ़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस पहल के माध्यम से उन स्कूलों को समर्थन देना खुशी की बात है जो छात्रों को बेहतर संसाधन और प्रोत्साहन देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
डॉ. सुनील धर्मानी (एमबीबीएस, एमडी जनरल मेडिसिन, डीएम नेफ्रोलॉजी) ने कहा कि विभिन्न संस्थाओं के बीच सहयोग से सीखने का वातावरण और अधिक सशक्त बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के प्रयासों को और मजबूत करने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में एचआर हेड पूजा जायसवाल और क्लस्टर हेड रवि कुमार भागत भी मौजूद रहे। इस दौरान स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस पहल के प्रति उत्साह और आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि नारायणा हेल्थ, जिसकी स्थापना प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. देवी शेट्टी ने की थी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सामाजिक योगदान के लिए कई पहलें लगातार करता रहा है। संगठन अकादमिक मेंटरशिप और छात्र सहायता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।