उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 1 करोड़ 98 लाख के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 1 करोड़ 98 लाख रुपये से अधिक लागत के सड़क, नाली और पुल-पुलिया निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया और विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा द्वारा निरंतर विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाई जा रही है। इसी क्रम में कबीरधाम प्रवास के दौरान उन्होंने सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम सारी और ग्राम चंदैनी में कुल 1 करोड़ 98 लाख 91 हजार रुपये की लागत से सड़क, नाली और पुल-पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। ग्राम आगमन पर उनका राउत नाचा और डंडा नृत्य के साथ पारंपरिक एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया।
ग्राम सारी में उन्होंने 1 करोड़ 65 लाख 59 हजार रुपये की लागत से खड़ौदा से सारी मार्ग पर पुल-पुलिया सहित 1.5 किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। वहीं ग्राम चंदैनी में गौरवपथ योजना अंतर्गत 33 लाख 32 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा, जल निकासी की समस्या से मुक्ति और शिक्षा-स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं तक सरल पहुँच सुनिश्चित होगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा विधानसभा का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और सरकार का लक्ष्य है कि सड़क, पुल-पुलिया, नाली, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ गांव-गांव तक पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण सामग्री से समय-सीमा में पूर्ण हों, ताकि जनता शीघ्र लाभान्वित हो सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, रवि राजपूत, रूपेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर विकास कार्यों की समीक्षा की, क्षेत्रीय समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा क्षेत्र तेजी से प्रगति की नई राह पर आगे बढ़ रहा है और उनका जनसरोकारों से जुड़ा सरल एवं सहज व्यक्तित्व प्रेरणादायक है।