ट्रांसफार्मर ब्लास्ट में तीन किसान झुलसे, इलाज के दौरान मौत; पिता-पुत्र की एक साथ उठी अर्थी

बेमेतरा के ग्राम मोहतरा के हेमबंद खार में विद्युत ट्रांसफार्मर में हुए जोरदार ब्लास्ट की चपेट में आने से तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए थे। बेमेतरा से रायपुर रेफर किए गए तीनों किसानों की पांच दिन तक चले इलाज के बाद मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र राधेश्याम चंद्राकर और छन्नू चंद्राकर के साथ ईश्वर पटेल शामिल हैं। हादसे के बाद मोहतरा गांव में शोक का माहौल है।

Sep 26, 2026 - 12:27
 0  3
ट्रांसफार्मर ब्लास्ट में तीन किसान झुलसे, इलाज के दौरान मौत; पिता-पुत्र की एक साथ उठी अर्थी

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l जिले के ग्राम मोहतरा के हेमबंद खार में खेत के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में हुए जोरदार ब्लास्ट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे तीन किसानों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 20 सितंबर को हुआ था। घटना के बाद तीनों घायलों को बेमेतरा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया था। करीब पांच दिन तक चले उपचार के बाद शुक्रवार को तीनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मोहतरा गांव में शोक का माहौल है।

मृतकों में 62 वर्षीय ईश्वर पटेल, 50 वर्षीय राधेश्याम चंद्राकर और उनके 32 वर्षीय पुत्र छन्नू चंद्राकर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय तीनों किसान मोहतरा के हेमबंद खार में खेत के पास काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ।

बताया गया कि धमाका इतना तेज था कि ट्रांसफार्मर में मौजूद गर्म तेल बाहर उछलकर आसपास फैल गया। इसके साथ ही आग की लपटें भी उठीं। गर्म तेल और आग की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे तीनों किसान गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए बेमेतरा जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण एंबुलेंस से तीनों को रायपुर लेकर गए, जहां उनका उपचार जारी था।

राधेश्याम चंद्राकर और उनके बेटे छन्नू चंद्राकर की हालत हादसे के बाद से ही गंभीर बनी हुई थी। करीब पांच दिनों तक उपचार चलने के बाद शुक्रवार को दोनों की मौत हो गई। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। छन्नू चंद्राकर की उम्र महज 32 वर्ष थी और उनके छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत के साथ ही बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

लगातार बारिश के बीच शुक्रवार रात पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 62 वर्षीय ईश्वर पटेल की भी शुक्रवार को रायपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। ईश्वर पटेल के पुत्र प्रकाश पटेल ने बताया कि उनके पिता का पोस्टमार्टम हो चुका है और शनिवार को मोहतरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

एक ही हादसे में तीन किसानों की मौत के बाद मोहतरा गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने ग्रामीणों को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों के बीच खेतों के आसपास लगे विद्युत उपकरणों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी चिंता का माहौल है।