धान खरीदी के दौरान जशपुर पुलिस ने किसानों को किया सावधान, साइबर ठगी से बचने जारी किए महत्वपूर्ण निर्देश

जशपुर पुलिस ने धान खरीदी सीजन के दौरान किसानों को साइबर ठगी से बचाने हेतु जागरूकता संदेश जारी किया है। पुलिस ने सावधान करते हुए कहा कि किसान अपने बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदेहास्पद कॉल, लिंक या OTP से सतर्क रहें। ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

Nov 22, 2025 - 14:16
Nov 22, 2025 - 14:17
 0  38
धान खरीदी के दौरान जशपुर पुलिस ने किसानों को किया सावधान, साइबर ठगी से बचने जारी किए महत्वपूर्ण निर्देश

 UNITED NEWS OF ASIA.  योगेश  यादव, जशपुर |  पुलिस ने धान खरीदी प्रक्रिया शुरू होने के साथ किसानों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश जारी किया है। इस अवधि में किसानों के बैंक खातों में समर्थन मूल्य की राशि आती है, जिसके कारण साइबर ठग अत्यधिक सक्रिय हो जाते हैं और विभिन्न तरीकों से किसानों को धोखे में लेकर उनके खाते से रकम उड़ा लेते हैं। पुलिस ने किसानों को चेताया है कि वे अपने बैंक खाते, OTP, UPI PIN या किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी किसी अजनबी से साझा न करें।

किसानों को जागरूक करते हुए पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अक्सर बैंक अधिकारी, समिति कर्मचारी, खाद्य या बीज विभाग के अधिकारी बनकर कॉल करते हैं और कहते हैं कि भुगतान रुका हुआ है, खाता सत्यापन करना है, आधार लिंक नहीं है या पंजीयन अपडेट करना होगा। कई बार ठग WhatsApp, SMS या Telegram पर लिंक भेजते हैं, जिन पर क्लिक करते ही मोबाइल में वायरस या ठगी के ऐप इंस्टॉल हो जाते हैं। OTP या PIN मांगने, स्क्रीन-शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाने जैसी चालें भी आम हैं, जिससे कुछ सेकंड में बैंक खाते खाली हो जाते हैं।

जशपुर पुलिस ने स्पष्ट कहा कि किसान OTP, ATM नंबर, CVV, UPI PIN, आधार OTP, बैंक ऐप पासवर्ड या किसी भी संदिग्ध लिंक को साझा न करें। बैंक या सरकारी विभाग कभी भी फोन पर ऐसी जानकारियां नहीं मांगते। किसानों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक बैंक शाखा या समिति कार्यालय में ही जानकारी सत्यापित करें, मोबाइल में सुरक्षा लॉक एवं UPI लिमिट सक्रिय रखें तथा किसी भी अज्ञात कॉल या मैसेज का जवाब न दें।

यदि किसी किसान के साथ साइबर ठगी हो जाती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, वेबसाइट cybercrime.gov.in, या नजदीकी पुलिस थाना एवं साइबर सेल से संपर्क करने को कहा गया है। पुलिस ने विश्वास जताया कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।