भिलाई में भीषण सड़क हादसा: स्कूटी सवार युवती की मौत, पिता गंभीर घायल

भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में शनिवार सुबह आईटीआई के पास भारी वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में 29 वर्षीय साक्षी द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।

Nov 22, 2025 - 14:50
 0  89
भिलाई में भीषण सड़क हादसा: स्कूटी सवार युवती की मौत, पिता गंभीर घायल

 UNITED NEWS OF ASIA.  रोहितास सिंह भुवाल,  दुर्ग | भिलाई में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के आईटीआई के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 29 वर्षीय साक्षी द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, साक्षी राजनांदगांव में एबिस कंपनी में कार्यरत थीं और हर शनिवार की तरह इस बार भी अपने मायके पदुमनगर आ रही थीं। वे राजनांदगांव से ट्रेन से भिलाई पावर हाउस स्टेशन उतरी थीं, जहां उनके पिता उन्हें लेने पहुंचे थे। घर लौटते समय सामने से आ रहे एक भारी वाहन ने उनकी स्कूटी को तेज रफ़्तार में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि साक्षी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पिता को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को सुपेला मरच्यूरी भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आईटीआई क्षेत्र में सुबह के समय भारी वाहनों की आवाजाही और तेज ट्रैफिक के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर चिंता जताई है।

खुर्सीपार पुलिस ने फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।