बचेली के मयंक नांदगया ने पावरलिफ्टिंग में तीसरा स्थान पाकर बढ़ाया जिले का मान
भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बचेली के मयंक नांदगया ने तृतीय स्थान हासिल किया। एनएमडीसी पॉलिटेक्निक दंतेवाड़ा के विद्यार्थी मयंक की इस उपलब्धि से संस्थान व जिले में खुशी की लहर है।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा। भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बचेली के मयंक नांदगया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, भिलाई द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
मयंक वर्तमान में एनएमडीसी पॉलिटेक्निक दंतेवाड़ा के यांत्रिक अभियंत्रण तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी हैं। कठोर अभ्यास, अनुशासन और तकनीकी दक्षता की बदौलत उन्होंने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
संस्थान के प्राचार्य और संकाय सदस्यों ने मयंक की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण बड़ी सफलता की ओर ले जाते हैं। उन्होंने मयंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।
मयंक के पिता योगेन्द्र नांदगया और दादा राधेलाल नांदगया ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मयंक ने परिवार, बचेली और पूरे दंतेवाड़ा जिले का गौरव बढ़ाया है। परिवार को उम्मीद है कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपना परचम लहराएंगे।
मयंक की यह शानदार उपलब्धि जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर सामने आई है और खेल के क्षेत्र में दंतेवाड़ा की प्रतिष्ठा को नई दिशा दे रही है।