कबीरधाम के मोहगांव में महिला की हत्या, जेठ गिरफ्तार; वारदात के कुछ घंटे बाद नहर के पास पकड़ा गया आरोपी

कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में महिला हेमलता निषाद की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके जेठ देवसिंग निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक रंजिश और शक के चलते आरोपी ने महिला की गला दबाकर और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस टीम ने गांव के नहर के पास से घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगिया और आरोपी के खून लगे कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Nov 4, 2026 - 08:47
 0  2
कबीरधाम के मोहगांव में महिला की हत्या, जेठ गिरफ्तार; वारदात के कुछ घंटे बाद नहर के पास पकड़ा गया आरोपी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में महिला की हत्या के मामले में सहसपुर लोहारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामला थाना सहसपुर लोहारा क्षेत्र के ग्राम मोहगांव का है, जहां हेमलता निषाद की हत्या का आरोप उसके जेठ देवसिंग निषाद पर लगा है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक रंजिश और शक के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दो नवंबर 2026 को बीरसिंग निषाद ने थाना सहसपुर लोहारा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी हेमलता निषाद की हत्या उनके बड़े भाई देवसिंग निषाद ने की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 47/2026 के तहत कार्रवाई शुरू की और अपराध क्रमांक 176/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच में लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार तथा अमित पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कराई।

जांच के दौरान पुलिस और एफएसएल टीम ने ग्राम मोहगांव पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान घटनास्थल और शव के आसपास मिले खून के निशान, मृतिका की टूटी हुई चूड़ियां और खून लगे कपड़ों सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने मृतिका के पति, उसकी मां, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान परिजनों ने देवसिंग निषाद पर हत्या करने का संदेह जताया।

इसी बीच आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम को जानकारी मिली कि देवसिंग घटना के बाद फरार होकर गांव के नहर के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह सुबह अपने लिए रोटी बना रहा था। इसी दौरान हेमलता को गांव के एक युवक से इशारों में बातचीत करते देख उसने आपत्ति जताई। आरोपी के मुताबिक, इस बात को लेकर विवाद हुआ और जेल भेजने की धमकी मिलने से वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने पहले गला दबाया और फिर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी देवसिंग निषाद, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम मोहगांव की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टंगिया और घटना के समय पहने हुए खून लगे शर्ट तथा हाफ पैंट को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी हेमलता निषाद से छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, एफएसएल टीम कवर्धा तथा थाना सहसपुर लोहारा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।