स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृति में धमतरी जिला कार्यालय में महानदी सभागार का लोकार्पण
धमतरी जिला कार्यालय परिसर में नवनिर्मित स्वर्गीय संतोष नेताम महानदी सभागार का लोकार्पण उनकी धर्मपत्नी एवं जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रश्मि नेताम ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वर्गीय संतोष नेताम के सेवाभावी व्यक्तित्व, कार्यनिष्ठा और जिले के विकास में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में कक्षा बारहवीं कला संकाय के विद्यार्थियों के लिए तैयार प्रश्न बैंक पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जिला कार्यालय परिसर में नवनिर्मित महानदी सभागार का लोकार्पण किया गया। यह सभागार स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृति को समर्पित किया गया है। तीन नवंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी एवं जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रश्मि नेताम ने सभागार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वर्गीय संतोष नेताम के व्यक्तित्व, कार्यशैली और जिले के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने जीवनसाथी की स्मृति में निर्मित सभागार का लोकार्पण रश्मि नेताम के लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के कार्यों और योगदान को सार्वजनिक स्मृति से जोड़ना उसके प्रति समाज के सम्मान और आत्मीयता को दर्शाता है। उन्होंने जिला कार्यालय परिसर में स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृतियों को स्थान देने और उनके योगदान को सम्मानित करने की पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वर्गीय संतोष नेताम के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न विकास कार्यों, विशेषकर कलेक्टर सड़कों सहित निर्माण कार्यों के सर्वेक्षण के दौरान उन्हें संतोष नेताम के साथ कार्य करने का अवसर मिला था। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता के साथ किया। जिले के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कलेक्टर ने कहा कि जिला कार्यालय में समय-समय पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठकें, समीक्षा बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और अन्य शासकीय आयोजन होते हैं। इन गतिविधियों के लिए एक व्यवस्थित और सुविधायुक्त सभागार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नवनिर्मित महानदी सभागार इस आवश्यकता को पूरा करेगा। यह अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय, विचार-विमर्श और प्रशासनिक कार्यों को गति देने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। साथ ही, इसका नामकरण स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृतियों और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा।
इस अवसर पर जिला प्रशासन धमतरी द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तैयार कक्षा बारहवीं कला संकाय की प्रश्न बैंक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। इस पुस्तक में इतिहास और राजनीति विज्ञान विषयों के प्रश्न संकलित किए गए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन देना और विषयों की बेहतर समझ विकसित करने में सहायता करना है। जिला प्रशासन की इस पहल से विद्यार्थियों को उपयोगी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय संतोष नेताम धमतरी में लोक निर्माण विभाग में कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ थे। पिछले वर्ष नवंबर में शासकीय सेवाकाल के दौरान हृदयगति रुकने से उनका आकस्मिक निधन हो गया था। वे सरल व्यक्तित्व, मधुर व्यवहार, मिलनसार स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। निर्माण कार्यों की तकनीकी समझ और जिम्मेदारियों के प्रति उनकी सक्रियता ने उन्हें अधिकारियों और सहकर्मियों के बीच अलग पहचान दिलाई थी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडे, वनमंडलाधिकारी कृष्णा यादव, नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी सहित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। महानदी सभागार का नामकरण स्वर्गीय संतोष नेताम की सेवाभावना, कार्यनिष्ठा और योगदान के प्रति जिला प्रशासन की श्रद्धांजलि के रूप में किया गया है।