सिलाजू में दंतैल हाथी का भारी उत्पात, फसलें बर्बाद और बछड़े की मौत

बलरामपुर जिले के सिलाजू गांव में दल से बिछड़ा दंतैल हाथी ग्रामीण इलाकों में आतंक मचा रहा है। फसलों को नुकसान और एक बछड़े की मौत से गांव में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Nov 22, 2025 - 15:11
 0  29
सिलाजू में दंतैल हाथी का भारी उत्पात, फसलें बर्बाद और बछड़े की मौत

   UNITED NEWS OF ASIA.  अली खान, बलरामपुर। थाना रामचंद्रपुर क्षेत्र के ग्राम सिलाजू में एक दंतैल हाथी ने जबरदस्त उत्पात मचा रखा है। दल से बिछड़े इस हाथी ने बीते दिनों से लगातार ग्रामीण इलाकों में आतंक फैलाया है। हाथी के आक्रमक व्यवहार के चलते किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं इस उत्पात के दौरान एक बछड़े की मौत की जानकारी भी सामने आई है।

ग्रामीणों के अनुसार हाथी रात के समय खेतों और घरों के आसपास घूम रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपने परिवार और पशुओं को लेकर बेहद चिंतित हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि हाथी को कंट्रोल करने और गांव को सुरक्षित करने के लिए वन विभाग की टीम की तुरंत तैनाती आवश्यक है।

पूरा मामला बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर वन परिक्षेत्र का है, जहां पिछले कुछ समय से हाथियों की गतिविधियों में वृद्धि देखी जा रही है। ग्रामीण उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।