सड़क सुरक्षा माह: रायपुर यातायात पुलिस ने जोमैटो डिलीवरी बॉय को बांटे हेलमेट, निकाली जागरूकता रैली
रायपुर यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के तहत जोमैटो डिलीवरी बॉय को हेलमेट वितरित कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान हेलमेट रैली निकालकर आम नागरिकों को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसिब अख्तर, रायपुर | सड़क सुरक्षा माह के तहत रायपुर यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सड़क सुरक्षा माह के 15वें दिन जोमैटो डिलीवरी बॉय के लिए विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय में संपन्न हुआ, जहां डिलीवरी बॉय को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट वितरित किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक यातायात सतीश ठाकुर एवं गुरजीत सिंह द्वारा डिलीवरी बॉय को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में कुल 621 लोगों की मृत्यु हुई, जिनमें से 429 मौतें दोपहिया वाहन चालकों एवं सवारों की थीं, जबकि 988 लोग घायल हुए। अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुईं, जिन्हें हेलमेट पहनकर रोका जा सकता था।
अधिकारियों ने डिलीवरी बॉय से अपने जीवन के महत्व और परिवार के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की अपील की। खाद्य सामग्री की समय पर डिलीवरी के दबाव में तेज रफ्तार और असुरक्षित वाहन चलाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, इसलिए नियमों का पालन आवश्यक है।
जोमैटो कंपनी की ओर से रायपुर शहर के सीईओ अभिमन्यु गोयल एवं एरिया लीडर मयंक शर्मा ने डिलीवरी बॉय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क हेलमेट वितरण का निर्णय लिया। उनके अनुरोध पर यातायात कार्यालय के प्रशिक्षण हॉल में 105 जोमैटो डिलीवरी बॉय को हेलमेट प्रदान किए गए। वितरित किए गए हेलमेट में ब्लूटूथ सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम के पश्चात सभी जोमैटो डिलीवरी बॉय को हेलमेट पहनाकर यातायात कार्यालय से कालीबाड़ी, सिद्धार्थ चौक और पचपेड़ी नाका चौक तक हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया।