गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने दिवंगत छात्र के परिवार को दो लाख रुपए सहायता राशि प्रदान की

गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने दुर्घटना में दिवंगत छात्र लेखराज सागर के परिवार को दो लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की। स्कूल प्रबंधन ने इसे सामाजिक दायित्व का हिस्सा बताते हुए शोकाकुल परिवार को आर्थिक संबल देने पर जोर दिया।

Nov 22, 2025 - 15:28
 0  34
गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने दिवंगत छात्र के परिवार को दो लाख रुपए सहायता राशि प्रदान की

 UNITED NEWS OF ASIA.कवर्धा। जिले की प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम शाला गुरुकुल पब्लिक स्कूल अपने सामाजिक सरोकारों के लिए सदैव जागरूक रहा है। संस्था का मूल ध्येय ‘सर्वजन हिताय’ रहा है और इसी को आत्मसात करते हुए विद्यालय निरंतर अपने दायित्व का पूर्ण निर्वहन करता आ रहा है।

संस्था के लिए यह अत्यंत दुखद और शोक का क्षण है कि विद्यालय में कक्षा तीसरी-‘‘बी’’ में अध्ययनरत छात्र लेखराज सागर (जीपीएस 4637), पिता जितेंद्र कुमार सागर एवं माता कविता पूर्णिमा सागर, निवासी चीमागोंदी, ब्लॉक कवर्धा, जिला कबीरधाम का आकस्मिक दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। यह क्षति परिवार के लिए अपूरणीय है।

विद्यालय प्रबंधन ने विनम्रता और सहानुभूति व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को दो लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की है। यह सहायता विद्यालय द्वारा रॉयल सुंदरम डीसीबी बैंक कवर्धा के साथ किए गए ग्रुप एक्सीडेंट पॉलिसी अनुबंध के अंतर्गत दी गई है। इस पॉलिसी के तहत गुरुकुल शाला में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राएं तथा विद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी दुर्घटना बीमा के दायरे में शामिल हैं। किसी भी दुर्घटना में मृत्यु होने पर दो लाख रुपए की राशि सहायता रूप में प्रदान की जाती है, जिससे पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।

विद्यालय के अध्यक्ष एवं निदेशक मंडल ने कहा कि गुरुकुल पब्लिक स्कूल समाज के प्रति अपने दायित्व को लेकर सदैव प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसी सामाजिक पहलें जारी रहेंगी।