जांजगीर-चांपा में अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस की छापेमार कार्रवाई, 4.50 लाख रुपये के पटाखे जब्त
जांजगीर-चांपा में दीपावली से पहले सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने राहुल महंत के कब्जे से करीब 1 क्विंटल 60 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय, जांजगीर-चांपा l दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना पर छापेमार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त पटाखों का कुल वजन लगभग 1 क्विंटल 60 किलोग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को अवैध पटाखे रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल महंत निवासी वार्ड क्रमांक 20, जांजगीर, थाना सिटी कोतवाली, जिला जांजगीर-चांपा के कब्जे से पटाखे बरामद किए।
इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 866/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख)(1)(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, भीम श्रीवास सहित कोतवाली थाना स्टाफ का योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली के दौरान पटाखों का क्रय-विक्रय और भंडारण निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें। बिना अनुमति या नियमों के विरुद्ध विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने से जनसुरक्षा को खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।