घर-घर पहुंचकर स्वच्छता के लिए लोगों को जागरूक कर रहे स्वच्छाग्रही
कबीरधाम जिले में भोरमदेव सरस मेला और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वच्छाग्रहियों द्वारा घर-घर दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को गीला-सूखा कचरा अलग रखने, प्लास्टिक का उपयोग रोकने और निर्धारित स्थान पर कचरा डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में भोरमदेव सरस मेला एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के स्वच्छाग्रही ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छाग्रही साथी घर-घर जाकर लोगों को गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा और विशेष कचरे को अलग-अलग रखने की समझाइश दे रहे हैं। इसके साथ ही नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने तथा कचरा केवल निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वच्छाग्रहियों द्वारा ग्रामीणों को भोरमदेव सरस मेले को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील भी की जा रही है। अभियान के दौरान लोगों को घर और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई रखने तथा कचरे के उचित निपटान के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। केवल प्रशासनिक प्रयासों से स्वच्छ वातावरण का निर्माण संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझकर स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करना होगा।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि स्वच्छाग्रहियों द्वारा दिए जा रहे सुझावों का पालन करें, घरों में कचरे को अलग-अलग रखें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से गांवों के साथ पूरे कबीरधाम जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।