पुलिस के अनुसार 21 सितंबर 2026 को ग्राम गांधीवाड़ा के पांच नाबालिग बालिकाओं के परिजनों ने थाना देहात में बालिकाओं की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर थाना देहात पुलिस ने क्रमशः अपराध क्रमांक 572/26, 573/26, 574/26, 575/26 और 576/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक महोदय छिंदवाड़ा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी तथा थाना प्रभारी देहात जी.एस. राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने लापता बालिकाओं के घर जाकर परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। पुलिस को जांच के दौरान एक गुमशुदा नाबालिग बालिका के पास मोबाइल फोन होने और उसके चालू हालत में होने की जानकारी मिली। इसके बाद साइबर तकनीक की मदद से मोबाइल की लोकेशन प्राप्त की गई।
मोबाइल की लोकेशन पीथमपुर सेक्टर-03, धार की मिलने पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर पीथमपुर के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर पांचों नाबालिग बालिकाओं को दस्तयाब किया। पूछताछ के दौरान बालिकाओं ने बताया कि वे घर में परिजनों द्वारा मोबाइल देखने, पढ़ाई नहीं करने और काम नहीं करने को लेकर डांटने से नाराज होकर आपस में एक राय होकर बिना बताए पीथमपुर काम करने चली गई थीं।
पुलिस द्वारा पांचों नाबालिग बालिकाओं को 22 सितंबर 2026 को दस्तयाब कर छिंदवाड़ा लाया गया। इसके बाद बाल कल्याण समिति, जिला धार द्वारा उनकी काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के बाद पांचों नाबालिग बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात जी.एस. राजपूत, निरीक्षक करिश्मा चौधरी, उप निरीक्षक हर्ष नागले, सहायक उप निरीक्षक गजेंद्र रघुवंशी, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप यादव, महिला आरक्षक राजकुमारी, महिला आरक्षक प्रमीला, आरक्षक 414 ब्रजेश तथा साइबर सेल के आरक्षक आदित्य रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पांचों नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में तकनीकी संसाधनों और मैदानी स्तर पर पूछताछ के माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।