थाना सनौद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार, बजाज पल्सर बरामद

बालोद जिले के थाना सनौद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रवीण कुमार गायकवाड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से चोरी गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।

Sep 24, 2026 - 18:40
 0  2
थाना सनौद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार, बजाज पल्सर बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l थाना सनौद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये है।

पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक किरण गंगा राम चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी गुरुर माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोन सिंह सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच की।

थाना सनौद में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता में प्रकरण दर्ज किया गया था। ग्राम बोहारा निवासी दयानंद बंसोड़ ने 2 सितंबर 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 1 सितंबर को करीब 12:30 बजे ग्राम अरकार स्थित शराब दुकान के पास से उनकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-AQ-5597 अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार गायकवाड़, पिता दशरथ गायकवाड़, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम गुडियारी, थाना जामगांव (आर.), जिला दुर्ग के रूप में की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को उसके बताए स्थान ग्राम गुडियारी लेकर पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में उसके घर से चोरी गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-AQ-5597 बरामद कर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

मामले में अपराध घटित करना पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी प्रवीण कुमार गायकवाड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा प्रकरण से संबंधित अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच की जा रही है और नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोन सिंह सोरी, सहायक उप निरीक्षक नंदलाल साहू, प्रधान आरक्षक हीरदे राम कोलियारा, आरक्षक टिकेश यादव, आरक्षक दमन वर्मा और आरक्षक टिकेंद्र सोरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।