कांग्रेस जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, पवन खेड़ा ने मोदी सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

रायपुर में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। अंतिम दिन राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा ने समसामयिक राजनीतिक मुद्दों और केंद्र सरकार की नीतियों पर व्याख्यान दिया। समापन अवसर पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने जिला अध्यक्षों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।

Jun 30, 2026 - 12:00
Jun 30, 2026 - 12:12
 0  3
कांग्रेस जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, पवन खेड़ा ने मोदी सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह,रायपुर l छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को संपन्न हो गया। शिविर के अंतिम दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए देश के समसामयिक राजनीतिक मुद्दों, केंद्र सरकार की नीतियों तथा संगठनात्मक विषयों पर व्याख्यान दिया।

प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सभी जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया गया

अपने संबोधन में पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों की आलोचना करते हुए नीट परीक्षा से जुड़े विवाद, महंगाई, रोजगार, विदेश नीति और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि इन विषयों पर सरकार अपेक्षित परिणाम देने में सफल नहीं रही है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पर भी कांग्रेस का पक्ष प्रस्तुत किया।

शिविर के दौरान संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन, राजनीतिक संवाद, नेतृत्व क्षमता और जनहित से जुड़े विषयों पर भी विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। जिला अध्यक्षों को संगठन के विस्तार, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।

समापन समारोह में राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव, प्रभारी सचिव एस. ए. संपत कुमार, जरिता लैतफ्लांग, विजय जांगिड़, धनेन्द्र साहू, मलकीत सिंह गैदू तथा कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला सहित विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण शिविर के 10 दिनों के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग विषयों पर जिला अध्यक्षों का मार्गदर्शन किया। इनमें राहुल गांधी, के. सी. वेणुगोपाल, सचिन पायलट, अलका लांबा, शशिकांत सेंथिल, वामची रेड्डी, सौरभ वाजपेयी, दीपक बैज, चरणदास महंत, भूपेश बघेल, टी. एस. सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, धनेन्द्र साहू, सुशील आनंद शुक्ला, सुरेन्द्र शर्मा, आलोक शुक्ला, अमीन मेमन और भानुप्रताप सिंह शामिल रहे।

शिविर के दौरान जिला अध्यक्षों ने विभिन्न गांवों का फील्ड विजिट भी किया तथा श्रमदान कार्यक्रम में भाग लेकर ग्रामीण समाज से संवाद स्थापित किया। कांग्रेस का कहना है कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य संगठनात्मक क्षमता बढ़ाना, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को मजबूत करना और जनसरोकार के मुद्दों पर प्रभावी राजनीतिक संवाद स्थापित करना है।