स्वतंत्रता दिवस पर कवर्धा में प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन करेंगे ध्वजारोहण
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कवर्धा जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ध्वजारोहण करेंगे। वे परेड की सलामी लेने के साथ मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण भी होगा।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को कवर्धा जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य समारोह आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने की तैयारियां की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे परेड का निरीक्षण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।
ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि द्वारा जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह के दौरान हर्ष फायर और मार्च पास्ट का आयोजन होगा। विभिन्न दलों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमा बढ़ाई जाएगी।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति और सांस्कृतिक भावना से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों और व्यक्तियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण के बाद मुख्य अतिथि समारोह से प्रस्थान करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस बल, विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता रहेगी।