चिल्फी और भोरमदेव में 5 दिवसीय कौशल प्रशिक्षण संपन्न, 63 युवक-युवतियों को मिले प्रमाण-पत्र और टूल किट

भोरमदेव अभ्यारण्य और कवर्धा वनमंडल के अंतर्गत चिल्फी एवं भोरमदेव में 5 दिवसीय व्यवसायिक एवं मृदु कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में 63 युवक-युवतियों ने इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग और ब्यूटीशियन कार्य का प्रशिक्षण लिया। समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र और संबंधित टूल किट वितरित किए गए।

Sep 24, 2026 - 19:25
 0  2
चिल्फी और भोरमदेव में 5 दिवसीय कौशल प्रशिक्षण संपन्न, 63 युवक-युवतियों को मिले प्रमाण-पत्र और टूल किट

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l स्थानीय युवाओं और महिलाओं को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने तथा स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से भोरमदेव अभ्यारण्य और कवर्धा वनमंडल के अंतर्गत ग्राम चिल्फी एवं भोरमदेव में आयोजित 5 दिवसीय अल्पकालिक व्यवसायिक एवं मृदु कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल के निर्देशन एवं भोरमदेव अभ्यारण्य की अधीक्षक अनिता साहू के मार्गदर्शन में किया गया।

पं. सुंदरलाल शर्मा एजुकेशन एकेडमी, संयुक्त वन प्रबंधन समिति और भोरमदेव अभ्यारण्य, कवर्धा वनमंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय युवक-युवतियों को इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग और ब्यूटीशियन कार्य से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय 63 युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें भोरमदेव की सरपंच, भोरमदेव अभ्यारण्य की अधीक्षक अनिता साहू, चिल्फी वन परिक्षेत्र के वन परिक्षेत्र अधिकारी लाल सिंह मरकाम सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आयोजन समिति के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए अनिता साहू ने कहा कि महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने में कौशल विकास प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण के माध्यम से स्थानीय युवक-युवतियां अपने हुनर का उपयोग कर स्वरोजगार और आय के स्थायी साधन विकसित कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान सफल प्रशिक्षणार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग और ब्यूटी पार्लर से संबंधित टूल किट बैग भी वितरित किए गए। टूल किट प्राप्त करने पर प्रशिक्षणार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और प्रशिक्षण को रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में उपयोगी बताया।

वन विभाग द्वारा स्थानीय समुदाय की सहभागिता के साथ कौशल विकास कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य वनांचल क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक कार्यों से जुड़ा कौशल प्रदान किया गया, ताकि वे अपने हुनर का उपयोग आजीविका के साधन के रूप में कर सकें।

चिल्फी और भोरमदेव में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के साथ 63 प्रशिक्षणार्थियों को उनके प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र और आवश्यक टूल किट उपलब्ध कराई गई। इससे प्रतिभागियों को अपने सीखे हुए कौशल को आगे उपयोग करने के लिए आवश्यक साधन भी प्राप्त हुए।