खनिज दोहन के नाम पर उद्योगपतियों का विकास, छत्तीसगढ़ का नहीं: आम आदमी पार्टी का साय सरकार पर बड़ा हमला

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता में राज्य सरकार पर खनिज संसाधनों की लूट और आदिवासी हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि तथाकथित विकास केवल चंद उद्योगपतियों के लिए है, जबकि आम जनता को उसका कोई लाभ नहीं मिल रहा।

Jan 25, 2026 - 14:01
 0  19
खनिज दोहन के नाम पर उद्योगपतियों का विकास, छत्तीसगढ़ का नहीं: आम आदमी पार्टी का साय सरकार पर बड़ा हमला

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। छत्तीसगढ़ में खनिज संपदाओं के नाम पर हो रहे जल, जंगल और जमीन के दोहन को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी की विष्णुदेव साय सरकार चंद बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है और आदिवासियों व आम जनता के अधिकारों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

आप के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा कि विकास के नाम पर जो हो रहा है, वह छत्तीसगढ़ का विकास नहीं बल्कि कुछ उद्योगपतियों और सत्ता से जुड़े लोगों का विकास है। उन्होंने कहा कि दशकों से दंतेवाड़ा, भानुप्रतापपुर, कोरबा, रायगढ़ और सरगुजा जैसे क्षेत्रों से खनिज संपदाओं का दोहन किया जा रहा है, लेकिन इन इलाकों में आज भी बुनियादी विकास नजर नहीं आता। सरकार इस लड़ाई को केवल आदिवासियों की लड़ाई बताकर उन्हें विकास विरोधी दिखाने की साजिश कर रही है, जबकि यह संघर्ष पूरे छत्तीसगढ़ की जनता का है।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि अमेरा, तमनार और रायगढ़ के मुड़ापार जैसे क्षेत्रों में फर्जी ग्राम सभाएं और जनसुनवाइयां कर जबरन खनन परियोजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बैलाडीला में युवाओं के आक्रोश को भी सरकार अनदेखा कर रही है। प्रियंका शुक्ला ने सवाल उठाया कि तमनार हिंसा मामले में अब तक न्यायिक जांच क्यों नहीं कराई गई और हसदेव क्षेत्र में फर्जी ग्राम सभाओं की जांच क्यों लंबित है, जबकि अनुसूचित जनजाति आयोग की रिपोर्ट में अनियमितताओं की पुष्टि हो चुकी है।

प्रदेश अध्यक्ष (कर्मचारी विंग) विजय कुमार झा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार समय रहते इन मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाती है तो यह भविष्य में बड़े संकट का रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलियों से संवाद को तैयार है, लेकिन आम जनता, किसानों और युवाओं से बात करने को तैयार नहीं है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने पांचवीं अनुसूचित क्षेत्र में ग्राम सभा की अनुमति के बिना किसी भी परियोजना को अवैध बताया और तमनार हिंसा की न्यायिक जांच की मांग दोहराई। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष (यूथ विंग) इमरान खान ने कहा कि यदि सरकार ने चंद पूंजीपतियों की दलाली बंद नहीं की, तो आम आदमी पार्टी प्रदेशव्यापी जन आंदोलन शुरू करेगी, जिसमें आदिवासी, किसान और युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह छत्तीसगढ़ की जमीन, जंगल और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।