समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने आरोपों को बताया निराधार, कहा– धार्मिक छवि खराब करने की रची जा रही साजिश

समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने रायपुर में पत्रकारवार्ता कर अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीति से प्रेरित और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनकी धार्मिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है तथा आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Jan 25, 2026 - 13:57
 0  7
समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने आरोपों को बताया निराधार, कहा– धार्मिक छवि खराब करने की रची जा रही साजिश

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें राजनीति से प्रेरित और सुनियोजित साजिश करार दिया है। इस संबंध में उन्होंने रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता के माध्यम से मीडिया के समक्ष अपना पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया में उनके खिलाफ जो खबरें प्रसारित की जा रही हैं, उनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है और यह उनकी धार्मिक एवं सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास है।

पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए बसंत अग्रवाल ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें इस प्रकार बदनाम करने की कोशिश की गई हो। इससे पूर्व भी बिना प्रमाण और सत्यता के उनके खिलाफ अफवाहें फैलाई गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश के तहत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य उनके सामाजिक और धार्मिक कार्यों को प्रभावित करना है।

 अग्रवाल ने कहा कि वे लंबे समय से धर्म और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं, जिससे कुछ वामपंथी और असामाजिक तत्व असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है और वे धर्मगुरुओं या सनातन परंपराओं पर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन व्यक्तियों द्वारा उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनका स्वयं का आचरण संदिग्ध रहा है।  अग्रवाल के अनुसार, आरोप लगाने वाला व्यक्ति संगवारी ढाबा की आड़ में अवैध शराब बिक्री जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है, जिस पर पूर्व में पुलिस द्वारा कार्रवाई भी की जा चुकी है।

बसंत अग्रवाल ने विशेष रूप से जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आरोप एक जिम्मेदार राजनीतिक पद पर आसीन व्यक्ति को शोभा नहीं देते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता पप्पू बंजारे, सीके नायक, सीजी बॉक्स न्यूज़ के देवेश तिवारी, आईबीसी 24 न्यूज़ के रिपोर्टर संदीप शुक्ला, मिरर छत्तीसगढ़ न्यूज़ की सोमा देवांगन सहित जिन-जिन लोगों ने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया है, उन सभी को शीघ्र ही कानूनी नोटिस भेजा जाएगा।

पत्रकारवार्ता के माध्यम से बसंत अग्रवाल ने यह स्पष्ट किया कि वे अपने सम्मान और साख से जुड़े मामले में चुप नहीं बैठेंगे और पूरी मजबूती के साथ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने मीडिया से अपील की कि किसी भी खबर के प्रकाशन या प्रसारण से पूर्व उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और भ्रामक सूचनाओं से बचें।