दंतेवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अवैध गिट्टी परिवहन करते तीन हाइवा वाहन पकड़े, 80 हजार से अधिक का जुर्माना

दंतेवाड़ा जिले के थाना भांसी पुलिस ने अवैध गिट्टी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हाइवा वाहनों को पकड़ा। बिना पिटपास गिट्टी परिवहन पाए जाने पर खनिज विभाग द्वारा कुल 80,284 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

Jan 25, 2026 - 13:52
 0  224
दंतेवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अवैध गिट्टी परिवहन करते तीन हाइवा वाहन पकड़े, 80 हजार से अधिक का जुर्माना

UNITED NEWS OF ASIA.नविन चौधरी, दंतेवाड़ा। जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना भांसी पुलिस ने बिना पिटपास अवैध रूप से गिट्टी परिवहन कर रहे तीन हाइवा वाहनों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें जप्त किया है। इस मामले में खनिज विभाग द्वारा कुल 80 हजार 284 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जनवरी 2026 को दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक  गौरव राय के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में MCP लगाकर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया था। इस अभियान का उद्देश्य अवैध खनिज परिवहन, अवैध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाना था। वरिष्ठ अधिकारियों अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर. के. बर्मन एवं अनुविभागीय अधिकारी किरन्दुल  कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भांसी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा थाना भांसी के सामने मुख्य मार्ग पर MCP लगाई गई।

चेकिंग के दौरान तीन हाइवा टिप्पर वाहन क्रमांक CG JH20 G6136, JH20 G1140 और CG18 N1867 को रोका गया। जांच करने पर पाया गया कि तीनों वाहन बिना पिटपास अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन कर रहे थे। पुलिस द्वारा वाहन चालकों से संबंधित दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पूछताछ में दो वाहन एन.सी. नाहर कंस्ट्रक्शन कंपनी के तथा एक वाहन उत्तम पाल, भांसी का होना बताया गया।

अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने मौके पर ही विधिवत कार्रवाई करते हुए तीनों हाइवा वाहनों को जप्त किया। चूंकि मामला खनिज विभाग से संबंधित था, इसलिए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर प्रकरण जिला खनिज अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा को भेजा गया।

खनिज विभाग द्वारा प्रकरण पर सुनवाई के पश्चात दिनांक 23 जनवरी 2026 को वाहन क्रमांक CG JH20 G6136 और JH20 G1140 पर 33,298-33,298 रुपये तथा वाहन क्रमांक CG18 N1867 पर 13,688 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार कुल 80,284 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया। अर्थदंड की राशि जमा किए जाने के पश्चात तीनों वाहनों को थाना भांसी से सुपुर्दनामे पर वाहन मालिकों को सौंप दिया गया।

दंतेवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।