मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बेमेतरा में ‘टेली मानस’ और ‘टोरेंट प्रोजेक्ट’ से घर बैठे मिल रही निःशुल्क परामर्श सुविधा

बेमेतरा जिला में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत ‘टेली मानस’ और ‘टोरेंट प्रोजेक्ट’ के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे निःशुल्क और गोपनीय मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की पहल से हजारों लोगों की मानसिक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श किया जा चुका है।

Feb 25, 2026 - 19:38
 0  4
मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बेमेतरा में ‘टेली मानस’ और ‘टोरेंट प्रोजेक्ट’ से घर बैठे मिल रही निःशुल्क परामर्श सुविधा

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा | वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच मानसिक स्वास्थ्य आज एक महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकता बन चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए बेमेतरा जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के दिशा-निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय बेमेतरा के माध्यम से ‘टेली मानस’ सेवा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

‘टेली मानस’ भारत सरकार की महत्वाकांक्षी मानसिक स्वास्थ्य परामर्श पहल है, जिसका पूरा नाम टेली मेंटल हेल्थ असिस्टेंस एंड नेटवर्किंग अक्रॉस स्टेट्स है। इस सेवा के माध्यम से जिले का कोई भी नागरिक घर बैठे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकता है। यह सुविधा पूरी तरह गोपनीय है और 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहती है।

इसी क्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रकिरण राजपूत ने बताया कि राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बेंगलुरु स्थित National Institute of Mental Health and Neurosciences के समन्वय से जिले में ‘टोरेंट प्रोजेक्ट’ का भी सफल संचालन किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत जिले के आरएमओ, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) एवं आरएचओ को मानसिक रोगों की पहचान, प्रारंभिक जांच और स्क्रीनिंग के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

प्रशिक्षित सीएचओ एवं आरएचओ द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सघन मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक लता बंजारे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक जिले के लगभग 7,500 नागरिकों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जांच की जा चुकी है, जबकि लगभग 800 लोगों को ‘टेली मानस’ सेवा के माध्यम से निःशुल्क परामर्श उपलब्ध कराया गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार मानसिक तनाव, घबराहट या अत्यधिक मानसिक दबाव की स्थिति में समय पर परामर्श मिलना बेहद आवश्यक होता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी महसूस होने पर सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।

जिले का कोई भी नागरिक निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 पर कॉल कर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त कर सकता है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति तक आसानी से पहुंचें और समय पर सहयोग मिल सके।