बलरामपुर में बॉक्साइट ट्रक का कहर: हादसे में घायल युवक की रांची में मौत
बलरामपुर जिले के चान्दों थाना क्षेत्र के ग्राम कांदरी में तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक की चपेट में आए युवक की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर। जिले के चान्दों थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कांदरी में हुए सड़क हादसे ने अब दुखद रूप ले लिया है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बॉक्साइट ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान रांची में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बीती 25 तारीख को ग्राम कांदरी में बॉक्साइट परिवहन कर रहा एक ट्रक तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया था।
पिछले कई दिनों से रांची के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे युवक ने आखिरकार दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में बॉक्साइट के अनियंत्रित परिवहन और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।